विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अंडर-20 रग्बी: 15 मिनट के रोमांचक मुकाबले में न्यूजीलैंड ने भारत को हराया, जर्सी नंबर 10 ने कर दिया कमाल

Published: Tue, 27 Oct 2026 04:53 PM (IST)

राजगीर के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में भारत और न्यूजीलैंड की अंडर-20 रग्बी टीमों के बीच हुए मुकाबले में न्यूजीलैंड ने भारत को 32 अंकों से हराया।

HighLights

  1. राजगीर में भारत-न्यूजीलैंड अंडर-20 रग्बी मुकाबला, न्यूजीलैंड की जीत।

  2. न्यूजीलैंड ने भारतीय अंडर-20 टीम को 32 अंकों से हराया।

  3. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ऐतिहासिक अंतरराष्ट्रीय रग्बी मैच का उद्घाटन किया।

जागरण संवाददाता, राजगीर (नालंदा)। राजगीर के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स स्थित रग्बी मैदान पर भारत और न्यूजीलैंड की अंडर-20 टीमों के बीच मुकाबले में शुरू से ही न्यूजीलैंड का दबदबा देखने को मिला।

ब्लैक जर्सी में उतरी न्यूजीलैंड की टीम ने तेज रफ्तार और आक्रामक खेल के दम पर व्हाइट जर्सी वाली भारतीय टीम को दबाव में रखा।

15 मिनट के इस मुकाबले में हर पल रोमांच देखने को मिला, लेकिन भारतीय खिलाड़ी न्यूजीलैंड की चुनौती को पार नहीं कर सके।

मैच के पहले हाफ में ही न्यूजीलैंड ने 12 अंक हासिल कर अपनी मजबूत स्थिति बना ली। इसके बाद भारतीय टीम ने पूरे जोश के साथ वापसी की कोशिश की।

खिलाड़ियों ने मैदान पर आक्रामक रुख अपनाया, लेकिन न्यूजीलैंड की मजबूत रक्षापंक्ति के सामने भारतीय टीम को अपेक्षित सफलता नहीं मिली। दूसरी ओर, न्यूजीलैंड के खिलाड़ियों ने लगातार अंक जुटाते हुए अपनी बढ़त को 22 तक पहुंचा दिया।

मुकाबले के दौरान न्यूजीलैंड की ओर से जर्सी नंबर 10 ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने ट्राई स्कोर कर टीम के खाते में अंक जोड़े और अपनी टीम की बढ़त मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई। जर्सी नंबर 10 मुकाबले में सबसे अधिक अंक दिलाने वाले खिलाड़ी रहे।

अंतिम क्षणों तक भारतीय टीम ने संघर्ष किया, लेकिन न्यूजीलैंड की बढ़त कम नहीं हो सकी। आखिरकार न्यूजीलैंड ने 32 अंकों के अंतर से मुकाबला अपने नाम कर लिया। राजगीर के मैदान पर इस अंतरराष्ट्रीय मुकाबले ने दर्शकों को रग्बी की तेज रफ्तार, ताकत और रोमांच से रूबरू कराया।

WhatsApp Image 2026-10-27 at 4.23.53 PM

राजगीर में भारत-न्यूजीलैंड रग्बी मुकाबले से जुड़ा खेल इतिहास का नया अध्याय

बिहार के खेल इतिहास में मंगलवार को राजगीर ने अंतरराष्ट्रीय रग्बी मुकाबले की मेजबानी के साथ नया अध्याय जोड़ दिया। राजगीर स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के रग्बी मैदान पर भारत और न्यूजीलैंड की अंडर-20 पुरुष टीमों के बीच अंतरराष्ट्रीय मुकाबला आयोजित किया गया।

दोनों देशों के खेल संबंधों के 100 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित इस मुकाबले को खेल सहयोग की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया। इस दौरान उन्होंने दोनों देशों के खिलाड़ियों से मुलाकात की। मैदान में भारत और न्यूजीलैंड के राष्ट्रगान की गूंज सुनाई दी।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने मुकाबले की शुरुआत की विधिवत घोषणा की। रग्बी एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष राहुल बोस ने मुख्यमंत्री को जर्सी भेंट कर सम्मानित किया।

मुकाबले से पहले न्यूजीलैंड की टीम की पारंपरिक सांस्कृतिक प्रस्तुति 'हाका' ने मैदान में मौजूद दर्शकों का ध्यान खींचा। खिलाड़ियों ने एक साथ लयबद्ध अंदाज में कदम मिलाते हुए और जोशीले हाव-भाव के साथ हाका प्रस्तुत किया।

माओरी संस्कृति से जुड़ा यह पारंपरिक नृत्य शक्ति, साहस, सामूहिक ऊर्जा और टीम की एकजुटता का प्रतीक है। खिलाड़ियों की सामूहिक प्रस्तुति ने मैदान में रोमांच का माहौल बना दिया।

अंतरराष्ट्रीय मुकाबले को लेकर राजगीर के खेल परिसर में उत्साह का माहौल रहा। इस आयोजन ने नालंदा को अंतरराष्ट्रीय खेल गतिविधियों के मानचित्र पर प्रमुखता से प्रस्तुत करने का अवसर दिया। मौके पर मंत्री श्रेयसी सिंह, इस्लामपुर विधायक रूहेल रंजन और विधायक संजय मयूख सहित अन्य लोग मौजूद रहे।