विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिलसा रेलवे स्टेशन की बदलेगी तस्वीर, हाई लेवल प्लेटफॉर्म और फुट ओवरब्रिज निर्माण को मिली मंजूरी

Published: Thu, 21 May 2026 10:19 PM (IST)

नालंदा जिले के हिलसा रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को जल्द ही बेहतर सुविधाएँ मिलेंगी। पूर्व मध्य रेल दानापुर मंडल ने ...और पढ़ें

हिलसा रेलवे स्टेशन

हिलसा रेलवे स्टेशन

HighLights

  1. हिलसा स्टेशन पर हाई लेवल प्लेटफॉर्म का होगा निर्माण।

  2. छह मीटर चौड़ा फुट ओवरब्रिज भी जल्द बनेगा।

  3. यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा में होगी वृद्धि।

संवाद सहयोगी, हिलसा (नालंदा)। नालंदा जिले के हिलसा रेलवे स्टेशन पर अब यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलने वाली हैं। स्टेशन पर हाई लेवल प्लेटफॉर्म और छह मीटर चौड़ा फुट ओवरब्रिज बनाने की प्रक्रिया तेज हो गई है।

पूर्व मध्य रेल दानापुर मंडल ने सूचना का अधिकार अधिनियम के तहत दी गई जानकारी में इसकी पुष्टि की है। इससे इलाके के हजारों दैनिक यात्रियों में खुशी का माहौल है।

RTI के जवाब में रेलवे ने दी जानकारी

दानापुर मंडल के सहायक लोक सूचना अधिकारी सह वरीय मंडल अभियंता-1 अनिल कुमार सिंह द्वारा जारी पत्र में बताया गया कि हिलसा स्टेशन पर हाई लेवल प्लेटफॉर्म और फुट ओवरब्रिज निर्माण कार्य को स्वीकृति मिल चुकी है।

रेलवे के अनुसार निविदा प्रक्रिया पूरी होने के बाद जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। यह जानकारी आरटीआई कार्यकर्ता मनोज प्रकाश को सूचना के अधिकार अधिनियम 2005 के तहत दी गई।

प्लेटफॉर्म बदलने में मिलेगी राहत

स्थानीय लोगों का कहना है कि हाई लेवल प्लेटफॉर्म बनने से यात्रियों को ट्रेन पकड़ने में काफी सुविधा होगी। वहीं फुट ओवरब्रिज बनने से प्लेटफॉर्म बदलने के दौरान होने वाली परेशानी और जोखिम कम होगा।

अभी यात्रियों को ट्रैक पार कर दूसरे प्लेटफॉर्म तक पहुंचना पड़ता है, जिससे हादसे का खतरा बना रहता है। नई सुविधा शुरू होने के बाद यात्रियों की सुरक्षा भी मजबूत होगी।

आंदोलन और मांग का मिला परिणाम

बताया जा रहा है कि इस रूट के दैनिक यात्री संघों ने लंबे समय से हाई लेवल प्लेटफॉर्म और फुट ओवरब्रिज की मांग उठाई थी। इसके लिए हस्ताक्षर अभियान और आंदोलन भी चलाया गया था।

अब रेलवे की स्वीकृति मिलने के बाद लोगों को उम्मीद है कि जल्द निर्माण कार्य शुरू होगा और हिलसा स्टेशन की तस्वीर बदल जाएगी।

यह भी पढ़ें- रेलवे की अनोखी पहल: भीषण गर्मी में पटना जंक्शन पर यात्रियों को बांटे गए शरबत और ठंडा पानी

यह भी पढ़ें- गया से झारखंड तक दौड़ेगी नई ट्रेन, तीन रेल परियोजनाओं को मंजूरी; परैया बनेगा जंक्शन