विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

23 साल पहले नीतीश कुमार ने किया था उद्घाटन, फिर भी हिलसा स्टेशन पर सुविधाओं का टोटा

Published: Wed, 04 Nov 2026 01:59 PM (IST)

हिलसा रेलवे स्टेशन उद्घाटन के 23 साल बाद भी बुनियादी सुविधाओं से वंचित है, जिससे यात्रियों को पेयजल, शौचालय और ...और पढ़ें

हिलसा स्टेशन पर सुविधाओं का टोटा

हिलसा स्टेशन पर सुविधाओं का टोटा

HighLights

  1. 23 साल बाद भी हिलसा स्टेशन पर सुविधाओं का अभाव।

  2. पेयजल, शौचालय, प्लेटफॉर्म ऊंचाई जैसी बुनियादी समस्याएँ।

  3. वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित, पर कोई कार्रवाई नहीं।

सुशील पांडेय, हिलसा (नालंदा)। रेलवे विभाग की अनदेखी के कारण हिलसा रेलवे स्टेशन 23 वर्ष बाद भी बुनियादी सुविधाओं से वंचित है। स्टेशन के उद्घाटन के दो दशक से अधिक समय बीत जाने के बावजूद यात्रियों को पेयजल, समुचित रोशनी, शौचालय और साफ-सफाई जैसी जरूरी सुविधाएं मयस्सर नहीं हैं। वहीं, फुट ओवरब्रिज और प्लेटफॉर्म की ऊंचाई कम होने से यात्रियों की परेशानी और बढ़ गई है।

जानकारी के अनुसार, तत्कालीन रेल मंत्री नीतीश कुमार ने 22 जनवरी 2003 को हिलसा रेलवे स्टेशन का उद्घाटन किया था। उस समय लोगों को उम्मीद थी कि स्टेशन का धीरे-धीरे विकास होगा और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। लेकिन 23 साल बाद भी यात्रियों की बुनियादी समस्याएं दूर नहीं हो सकी हैं।

दिव्यांग यात्रियों को ट्रेन में चढ़ने और उतरने में परेशानी

स्टेशन के प्लेटफॉर्म की ऊंचाई कम होने के कारण बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांग यात्रियों को ट्रेन में चढ़ने और उतरने में काफी कठिनाई होती है। कई बार उन्हें दूसरे यात्रियों का सहारा लेना पड़ता है। 

वहीं, फुट ओवरब्रिज नहीं होने के कारण एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म पर जाने में भी परेशानी होती है। यात्रियों को सुरक्षित आवागमन के लिए फुट ओवरब्रिज निर्माण की आवश्यकता महसूस हो रही है।

पेयजल की व्यवस्था भी बदहाल

पेयजल की व्यवस्था भी बदहाल है। स्टेशन परिसर में लगा चापाकल खराब पड़ा है। यात्रियों को पीने के पानी के लिए भटकना पड़ता है। रात में पर्याप्त रोशनी नहीं रहने से स्टेशन परिसर के कई हिस्सों में अंधेरा पसरा रहता है। इससे यात्रियों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी रहती है।

शौचालय रहने के बावजूद उसमें अक्सर ताला लटका रहता है। इससे खासकर महिला यात्रियों को काफी परेशानी होती है। प्लेटफॉर्म संख्या दो पर जगह-जगह बड़ी-बड़ी घास और झाड़ियां उग आई हैं। इससे सांप और अन्य विषैले जीव-जंतुओं के छिपे रहने की आशंका बनी रहती है। साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था नहीं होने से भी यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

स्थानीय यात्रियों का कहना है कि रेलवे अधिकारियों को कई बार समस्याओं से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है। यात्रियों ने रेलवे के वरीय अधिकारियों से स्टेशन का निरीक्षण कर पेयजल, रोशनी, शौचालय और साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त कराने के साथ प्लेटफॉर्म की ऊंचाई बढ़ाने तथा फुट ओवरब्रिज का निर्माण कराने की मांग की है।

वरीय अधिकारियों को भेजी गई है सूचना

इस संबंध में स्टेशन मास्टर राजवेंद्र प्रसाद ने बताया कि स्टेशन की समस्याओं से वरीय पदाधिकारियों को अवगत कराया गया है। स्टेशन की समस्या को लेकर उनके पास पत्राचार किया गया है।

यह भी पढ़ें- 9 हजार एकड़ खेतों को मिलेगा पानी, बिहार में डोर नदी पर बनेगा चेक डैम, किसानों को फायदा



देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।