शादी में पहुंचते ही पूर्व जदयू नेता बाबर मल्लिक गिरफ्तार, डेढ़ साल से नालंदा पुलिस को दे रहा था चकमा
डेढ़ साल से फरार चल रहे पूर्व जदयू नेता बाबर मल्लिक को बिहार पुलिस ने नालंदा के एक होटल से गिरफ्तार कर लिया। वह हथियार बरामदगी के एक मामले में वांछित था और शादी समारोह में शामिल होने पहुंचा था।

JDU का पूर्व नेता बाबर मल्लिक गिरफ्तार। सांकेतिक तस्वीर
HighLights
पूर्व जदयू नेता बाबर मल्लिक डेढ़ साल से फरार था।
हथियार बरामदगी के मामले में पुलिस को उसकी तलाश थी।
नालंदा के एक होटल में शादी से गिरफ्तार किया गया।
जागरण संवाददाता, बिहारशरीफ। करीब डेढ़ साल से पुलिस की गिरफ्त से बच रहा पूर्व जदयू नेता बाबर मल्लिक आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
हथियार बरामदगी के मामले में फरार चल रहा बाबर रविवार की रात लहेरी थाना क्षेत्र के एक होटल में शादी समारोह में शामिल होने पहुंचा था।
पुलिस को इसकी भनक लगी तो बिहार और लहेरी थाना की टीम ने संयुक्त छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। बाबर मल्लिक की गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हलचल रही।
डीएसपी अमरनाथ ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि वह हथियार बरामदगी के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही थी।
शादी समारोह में पहुंचने की मिली सूचना, होटल में हुई छापेमारी
पुलिस के अनुसार, रविवार की रात सूचना मिली कि बाबर मल्लिक लहेरी थाना क्षेत्र के एक होटल में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने पहुंचा है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए बिहार थाना पुलिस ने लहेरी थाना की पुलिस के सहयोग से होटल में छापेमारी की। पुलिस टीम ने मौके से उसे गिरफ्तार कर लिया।
भाई के घर से मिला था हथियारों का जखीरा
मामले की जड़ मई 2025 में हुई हथियारों की बरामदगी से जुड़ी है। पुलिस के अनुसार, उस समय बाबर मल्लिक के भाई के घर से हथियारों का जखीरा बरामद किया गया था।
इस मामले में बाबर मल्लिक को भी आरोपित बनाया गया था। इसके बाद से ही वह फरार चल रहा था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस बाबर मल्लिक से पूछताछ कर रही है।
मामले में उसकी भूमिका और अन्य पहलुओं की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। छापेमारी दल में बिहार थानाध्यक्ष रंजीत कुमार रजक, पीएसआई परंतु कुमार यादव, पीएसआई सौरभ कुमार और पीएसआई सुमन सौरभ समेत बिहार और लहेरी थाना के अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।