चंडी-हरनौत होकर बाढ़ जाने वालों के लिए अच्छी खबर, 49 करोड़ से बदलेगी सड़क की सूरत
फतुहा से बाढ़ तक जाने वाली सड़क, जिसे अब एनएच-471 के रूप में चिह्नित किया गया है, का 49 करोड़ रुपये की लागत से कायाकल्प किया जाएगा। मरम्मत कार्य जल्द शुरू होगा।

सड़क मरम्मत के लिए लगा हॉट मिक्सिंग प्लांट। जागरण
HighLights
फतुहा-चंडी-बाढ़ सड़क का 49 करोड़ रुपये से कायाकल्प।
71.774 किमी लंबी सड़क अब एनएच-471 के रूप में।
मरम्मत कार्य जल्द शुरू, अतिक्रमण हटाना भी जरूरी।
संवाद सूत्र, चंडी (नालंदा)। फतुहा से चंडी और हरनौत होते हुए बाढ़ तक जाने वाली सड़क का कायाकल्प किया जाएगा।
राष्ट्रीय राजमार्ग-30 (NH 30) से निकलकर फिर इसी राजमार्ग से जुड़ने वाली इस सड़क को अब स्वतंत्र रूप से एनएच-471 के रूप में चिह्नित किया गया है।
इसके 71.774 किलोमीटर लंबे हिस्से की मरम्मत पर 49 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। सड़क पर जगह-जगह पिच धंस जाने के कारण आवागमन में परेशानी हो रही है।
जल्द बदल जाएगी सड़क की तस्वीर
अब तक छोटी-मोटी मरम्मत कर काम चलाया जा रहा था, लेकिन अब पूरी सड़क की मरम्मत कराई जाएगी। इसका ठेका विकास कुमार कंस्ट्रक्शन नामक निर्माण कंपनी को मिला है।
कंपनी की ओर से चंडी के तुलसीगढ़ के पास अस्थायी हाैॅट मिक्सिंग प्लांट और लैब स्थापित की जा रही है। निर्माण कंपनी के एक अधिकारी ने बताया कि जल्द ही मरम्मत का काम शुरू कर दिया जाएगा।
अधिकारी के अनुसार, फतुहा से बाढ़ तक सड़क के किनारे से अतिक्रमण हटाने का अभियान जून में चलाया गया था। उस दौरान पे-लोडर की मदद से अतिक्रमण हटवाया था।
पटना जिले के फतुहा और फरीदपुर के साथ नालंदा जिले के नगरनौसा, जैतीपुर, नरसंडा और हरनौत बाईपास में भी कार्रवाई की गई थी।
अतिक्रमण से फिर सिकुड़ने लगी सड़क
अतिक्रमण हटाने के कुछ महीने बाद ही अतिक्रमणकारी फिर सक्रिय हो गए हैं। सड़क किनारे जगह-जगह बालू, गिट्टी, मवेशियों की नाद और छप्पर रख दिए गए हैं।
नरसंडा, जैतीपुर चौराहा, माधोपुर, धरमपुर और रामघाट में दोबारा अतिक्रमण कर लिया गया है। नगरनौसा, चंडी और हरनौत में सड़क पर ही बालू और गिट्टी का कारोबार किया जा रहा है।
सब्जी और फलों की दुकानें भी सड़क पर लगाई जा रही हैं। कई जगह सड़क की जमीन पर होटल खोल लिए गए हैं। सड़क के दोनों ओर बने नालों पर भी अतिक्रमण किया गया है। इसके अलावा सड़क किनारे मवेशी बांधे जा रहे हैं।
पूरी सड़क की मरम्मत के साथ अतिक्रमण हटाना भी जरूरी होगा, ताकि यात्रियों को आवागमन में परेशानी न हो और सड़क की चौड़ाई का पूरा उपयोग किया जा सके।