नालंदा: दोस्तों के साथ निकले युवक का मिला शव, चेहरे और कान पर चोट के निशान; पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
बिहारशरीफ में एक ई-रिक्शा चालक राहुल कुमार का शव श्रम कल्याण केंद्र के पास मिला। परिजनों ने हत्या की आशंका ...और पढ़ें

दोस्तों के साथ निकले युवक का मिला शव
HighLights
बिहारशरीफ में ई-रिक्शा चालक राहुल कुमार का शव मिला।
परिजनों ने हत्या की आशंका जताई, चेहरे पर चोट के निशान।
पुलिस को नशे के ओवरडोज से मौत की आशंका।
जागरण संवाददाता, बिहारशरीफ। बिहार थाना क्षेत्र के श्रम कल्याण केन्द्र के मैदान के पीछे सोमवार सुबह एक ई-रिक्शा चालक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। ईरिक्शा चालक सोहसराय थाना क्षेत्र के मंसूर नगर (छोटी पहाड़ी) निवासी मनोज राम के 25 वर्षीय पुत्र राहुल कुमार है।
शव के चेहरे और कान के पास गंभीर चोट के निशान मिलने के बाद स्वजन ने हत्या की आशंका जताई है। वहीं, पुलिस प्रथम दृष्टया नशे के ओवरडोज से मौत होने की आशंका जता रही है।
दोस्तों के साथ घर से निकला था राहुल
मृतक के भाई अमित कुमार ने बताया कि राहुल ने करीब दो महीने पहले ई-रिक्शा खरीदा था। वह ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। रविवार की देर रात करीब 12 से एक बजे तक वह घर पर था और उसने खाना भी खाया था। इसके बाद वह दोस्तों के साथ बाहर निकला था।
सोमवार सुबह बासो चाय दुकान के पीछे बाउंड्री के पास उसका शव मिला। चेहरे और कान के पास चोट के निशान देखकर स्वजन ने आशंका जताई कि राहुल की पिटाई कर हत्या की गई और बाद में शव वहां फेंक दिया गया। हालांकि, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। उसका ई-रिक्शा भी मैदान में लावारिस हालत में मिला।
नशे के ओवरडोज से मौत की आशंका
बिहार थानाध्यक्ष रंजीत कुमार रजक ने बताया कि प्रथम दृष्टया नशे के अत्यधिक ओवरडोज के कारण युवक की मौत होने की आशंका है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने लावारिस हालत में मिले ई-रिक्शा को जब्त कर लिया है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि घटना से पहले राहुल के साथ कौन मौजूद था। स्वजन के बयान के आधार पर पुलिस मामले की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
