मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा- सिर्फ कुर्सी के लिए राजनीति ठीक नहीं, सिद्धांत जरूरी
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा है कि अपने फायदे के लिए राजनीति नहीं करनी चाहिए, राजनीति में सिद्धान्त होना जरूरी है।
नालंदा [जेएनएन]। भगवान महावीर ने कहा था, जियो और जीने दो। लेकिन, आज लोग सत्ता और ताकत हाथ में आते ही उसका दुरुपयोग करने लगते हैं। सत्ता सेवा का जरिया है, मेवा का नहीं। सिर्फ कुर्सी के लिए राजनीति नहीं करनी चाहिए, राजनीति में सिद्धान्त जरूरी है। सोमवार को भगवान महावीर की निर्वाण भूमि पावापुरी आए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राजकीय महोत्सव के मंच पर ये बातें कहीं।
मुख्यमंत्री ने हाल में दिवंगत वैज्ञानिक स्टीफेन हॉकिंग के उस वक्तव्य का हवाला दिया, जिसमें उन्होंने कहा था कि धरती पर सभ्यता मात्र 200 साल रहेगी। आज देश में झगड़े का वातावरण बन रहा है। लोग जाति को जाति और धर्म को धर्म के खिलाफ भड़का रहे हैं। इस प्रवृत्ति का अंजाम बेहद बुरा होगा। हमें अपने धर्म में पूरी आस्था रखते हुए दूसरे धर्मों का भी आदर करना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने पावापुरी में दिगम्बर जैन मंदिर में बने कीर्ति स्तम्भ का अनावरण किया। जैन मंदिर व जल मंदिर के पास वॉटर एटीएम का उद्घाटन किया। मेडिकल कॉलेज के सामने खुले मैदान में पावापुरी महोत्सव स्थल पहुंचे। मंच पर रविन्द्र कीर्ति जी महाराज ने उन्हें जैन समाज की ओर से 2018 के भगवान महावीर अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार से नवाजा।
उन्होंने कहा कि जैन समाज का मानना है कि मुख्यमंत्री शराबबंदी के अलावा दहेज व बाल विवाह प्रथा का विरोध कर जनता में नैतिकता लाने का प्रयास कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले साल से पावापुरी महोत्सव और व्यापक होगा।
उन्होंने बिहारशरीफ- हरनौत रोड किनारे भागनबिगहा के पैठना में डेंटल कॉलेज के शिलान्यास की घोषणा की। मंच पर ग्रामीण कार्य मंत्री सह प्रभारी मंत्री शैलेश कुमार, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, कला, संस्कृति व युवा मामलों के मंत्री कृष्ण कुमार ऋषि, सांसद कौशलेन्द्र, वीरायतन की साध्वी संप्रज्ञा जी, आचार्य सुयश जी महाराज, लता जी, डॉ. त्यागभूषण जीगोपाल जैन, अजय जैन आदि मौजूद थे।