कोर्ट के आदेश के बाद मिला प्रभार
आवासीय मॉडल मध्य विद्यालय के पूर्व प्रधानाध्यापक सुनीता सिन्हा के दूसरे जगह स्थानांतरण होने के बाद वर्तमान प्रधानाध्यापक माधुरी कुमारी को सम्पूर्ण प्रभार नहीं दिए जाने से विद्यालय का कार्य प्रभावित हो रहा था।
बिहारशरीफ । आवासीय मॉडल मध्य विद्यालय के पूर्व प्रधानाध्यापक सुनीता सिन्हा के दूसरे जगह स्थानांतरण होने के बाद वर्तमान प्रधानाध्यापक माधुरी कुमारी को सम्पूर्ण प्रभार नहीं दिए जाने से विद्यालय का कार्य प्रभावित हो रहा था। इस बाबत वर्तमान प्राचार्य ने कोर्ट में चायिका दायर कर पूर्ण प्रभाव देने की अपील की थी। कोर्ट के आदेश के बाद वर्तमान प्रधानाध्यापक को सम्पूर्ण प्रभार दिलाने का आदेश जिला शिक्षा पदाधिकारी को दिया गया। कोर्ट के आदेश के आलोक में अनुमंडलाधिकारी बिहारशरीफ ने पूर्ण प्रभार दिलाने के लिए बिहारशरीफ सह अस्थावां के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी राजकुमार यादव को दंडाधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्त किया गया। शनिवार को प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी सह बीईओ राजकुमार यादव ने अपने समक्ष पूर्व प्राचार्य सुनीता सिन्हा के अलमीरा का ताला तोड़कर इंवेटरी तैयार कर वर्तमान प्रधानाध्यापक को सम्पूर्ण प्रभार सौंप दिया। प्रभार सौंपने के उपरांत बीईओ ने कई लोगों से संयुक्त रूप से हस्ताक्षर करा कर सारी जवाबदेही सौंप दी। इस मौके पर पूर्व प्राचार्य महावीर प्रसाद भी उपस्थित थे।