123 साल में कितना बदल गया बिहारशरीफ स्टेशन? छोटी रेल से ब्रॉड गेज और अब हाईटेक सुविधाओं तक का सफर
बिहारशरीफ रेलवे स्टेशन 123 वर्षों के ऐतिहासिक सफर के बाद अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत आधुनिक सुविधाओं से लैस ...और पढ़ें

1903 में छोटी रेल से शुरू हुआ था सफर
HighLights
123 साल में बिहारशरीफ स्टेशन का आधुनिकीकरण।
अमृत भारत योजना से मिलेंगी आधुनिक यात्री सुविधाएं।
दोहरीकरण परियोजना से बढ़ेगी रेल परिचालन क्षमता।
बलवंत सिंह, बिहारशरीफ(नालंदा)। नालंदा जिले का बिहारशरीफ रेलवे स्टेशन आज जिस आधुनिक स्वरूप की ओर बढ़ रहा है, उसके पीछे 123 वर्षों का लंबा ऐतिहासिक सफर छिपा है। कभी छोटी रेल की सीटी से गुलजार रहने वाला यह स्टेशन आज एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में अपनी पहचान बना चुका है। अंग्रेजों के शासनकाल में शुरू हुआ रेल परिचालन का यह सफर समय के साथ कई बड़े बदलावों से गुजरा।
नैरो गेज से ब्रॉड गेज, रेल नेटवर्क के विस्तार और विद्युतीकरण के बाद अब स्टेशन का कायाकल्प किया जा रहा है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे आधुनिकीकरण कार्य से बिहारशरीफ स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने की तैयारी है।
1903 में छोटी रेल से शुरू हुआ था सफर
बिहारशरीफ स्टेशन के इतिहास की शुरुआत वर्ष 1903 में हुई थी। उस समय बख्तियारपुर से बिहारशरीफ तक बख्तियारपुर-बिहार लाइट रेलवे के नाम से छोटी रेल लाइन का निर्माण कराया गया था।
एक जुलाई 1903 को इस रेलखंड पर पहली ट्रेन का परिचालन शुरू हुआ। यह 2 फीट 6 इंच की नैरो गेज लाइन थी। उस दौर में छोटी ट्रेन स्थानीय लोगों के लिए आवागमन का प्रमुख साधन बनी थी। इससे व्यापारियों, किसानों और आम यात्रियों को काफी सहूलियत मिली।
धीरे-धीरे इस रेलखंड का विस्तार भी किया गया। वर्ष 1909 में बिहारशरीफ से सिलाव तक रेल लाइन पहुंची और एक नवंबर 1911 को सिलाव से राजगीर तक परिचालन शुरू हुआ। इस तरह बख्तियारपुर से राजगीर तक करीब 53 किलोमीटर लंबा रेल संपर्क विकसित हुआ। इससे नालंदा के प्रमुख कस्बों और धार्मिक-ऐतिहासिक स्थलों की कनेक्टिविटी बढ़ी।
1962 में नैरो गेज से ब्रॉड गेज में बदली रेल लाइन
समय के साथ छोटी रेल की सीमाएं सामने आने लगीं। यात्रियों की संख्या और परिवहन की जरूरत बढ़ने के कारण बड़ी रेल लाइन की मांग जोर पकड़ने लगी। वर्ष 1962 में इस रेलखंड का राष्ट्रीयकरण कर नैरो गेज को ब्रॉड गेज में परिवर्तित किया गया।
यह बिहारशरीफ स्टेशन के इतिहास का महत्वपूर्ण पड़ाव था। इसके बाद बड़ी ट्रेनों के परिचालन का रास्ता खुला और रेल संपर्क पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक हो गया।
2010 के बाद नेटवर्क विस्तार और विद्युतीकरण से मिली रफ्तार
बिहारशरीफ स्टेशन के विकास में वर्ष 2010 भी महत्वपूर्ण रहा। इस दौरान राजगीर से तिलैया तक बड़ी रेल लाइन का विस्तार किया गया। इससे नालंदा का रेल संपर्क शेखपुरा, नवादा और गया की दिशा में आगे बढ़ा।
इसके बाद रेलखंड के विद्युतीकरण की दिशा में भी काम हुआ। वर्ष 2019 में बिहारशरीफ-दनियावां रेलखंड पर विद्युतीकृत रेल परिचालन की शुरुआत हुई। इससे क्षेत्र के रेल विकास को नई गति मिली।
आज महत्वपूर्ण जंक्शन के रूप में है पहचान
आज बिहारशरीफ स्टेशन पूर्व मध्य रेलवे के दानापुर मंडल के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण जंक्शन के रूप में पहचान रखता है। यहां से बख्तियारपुर-राजगीर-तिलैया रेलखंड के अलावा दनियावां-फतुहा रेलखंड के जरिए भी आगे की कनेक्टिविटी मिलती है। स्टेशन से प्रतिदिन हजारों यात्री सफर करते हैं। दिल्ली, गुजरात, हावड़ा, मुंबई, बनारस, कोडरमा, तिलैया और गया सहित विभिन्न गंतव्यों के लिए यहां से ट्रेनें उपलब्ध हैं।
शिक्षा, व्यापार, नौकरी और पर्यटन के लिहाज से भी इस स्टेशन का विशेष महत्व है। वर्तमान में इस रेलखंड पर पैसेंजर, एक्सप्रेस और मालगाड़ियों सहित कुल 56 ट्रेनों का आवागमन बताया गया है। बढ़ते यात्री दबाव के बीच रेल सुविधाओं के विस्तार की जरूरत भी लगातार महसूस की जा रही है।
2192 करोड़ की दोहरीकरण परियोजना से बढ़ेंगी उम्मीदें
रेलखंड के विकास की अगली बड़ी योजना बख्तियारपुर-राजगीर-तिलैया रेलखंड का दोहरीकरण है। करीब 104 किलोमीटर लंबे इस रेलखंड के दोहरीकरण को मंजूरी मिल चुकी है। परियोजना की अनुमानित लागत 2,192 करोड़ रुपये है।
सितंबर 2026 में पहले चरण में बख्तियारपुर के समीप करनौती गांव से बिहारशरीफ तक 26.292 किलोमीटर रेलखंड के दोहरीकरण के लिए करीब 575.14 करोड़ रुपये का ई-टेंडर जारी किया गया था।
निर्माण एजेंसी को इस कार्य को पूरा करने के लिए 810 दिनों का समय निर्धारित किया गया है। हालांकि, कुछ तकनीकी कारणों से कार्य अभी लंबित बताया जा रहा है। परियोजना पूरी होने के बाद रेल परिचालन की क्षमता बढ़ने और ट्रेनों के संचालन में सहूलियत मिलने की उम्मीद है।
अमृत भारत योजना से बदलेगा स्टेशन का स्वरूप
बिहारशरीफ स्टेशन के विकास में अब अमृत भारत स्टेशन योजना नया अध्याय जोड़ रही है। इस योजना के तहत देशभर के 1340 रेलवे स्टेशनों को शामिल किया गया है। बिहार के 98 स्टेशनों में नालंदा जिले का बिहारशरीफ और राजगीर स्टेशन भी शामिल हैं। बिहारशरीफ स्टेशन के आधुनिकीकरण पर करीब 19 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं, जबकि राजगीर स्टेशन के लिए 23 करोड़ रुपये की लागत निर्धारित है।
योजना के तहत बिहारशरीफ स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है। इसके मार्च 2027 तक पूरी तरह तैयार होने की उम्मीद जताई जा रही है। स्टेशन प्रबंधक अमरेंद्र कुमार ने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत स्टेशन का आधुनिकीकरण नालंदा जिले के लिए बड़ी उपलब्धि है। निर्माण पूरा होने के बाद यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
जी प्लस वन भवन में मिलेंगी आधुनिक यात्री सुविधाएं
स्टेशन प्रबंधक के अनुसार, नवनिर्मित भवन जी प्लस वन मॉडल पर तैयार होगा। निचले तल पर पूछताछ काउंटर, उद्घोषणा काउंटर, सामान्य और आरक्षित श्रेणी के टिकट काउंटर तथा प्रतीक्षालय की व्यवस्था होगी। स्टेशन के बाहर दो, तीन और चार पहिया वाहनों के लिए पार्किंग स्टैंड भी बनाया जाएगा।
ऊपरी तल पर वीवीआईपी लाउंज और स्टेशन की निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था होगी। यात्रियों की आवाजाही को आसान बनाने के लिए लिफ्ट और सीढ़ियां बनाई जाएंगी। बुजुर्ग और दिव्यांग यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रैंप और एस्केलेटर की व्यवस्था भी प्रस्तावित है।
छोटी रेल की विरासत से आधुनिक सुविधाओं तक पहुंचा सफर
123 वर्षों में बिहारशरीफ स्टेशन ने कई ऐतिहासिक बदलाव देखे हैं। कभी सीमित दूरी तक चलने वाली छोटी रेल आज विस्तृत रेल नेटवर्क का हिस्सा बन चुकी है। अब दोहरीकरण और स्टेशन के आधुनिकीकरण जैसी परियोजनाएं इसके भविष्य की दिशा तय करेंगी।
इन योजनाओं के पूरा होने से न केवल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है, बल्कि नालंदा के व्यापार, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिल सकती है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।