विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहारशरीफ: रास्ते में नशा करने से मना करने पर दंपती से मारपीट, विरोध में जमकर चले ईंट-पत्थर

Published: Thu, 01 Oct 2026 09:44 AM (IST)

बिहारशरीफ के बैगनाबाद मोहल्ले में रास्ते में नशा कर रहे युवकों को टोकने पर एक दंपती से मारपीट हुई। इसके ...और पढ़ें

बिहारशरीफ में जमकर चले ईंट-पत्थर

बिहारशरीफ में जमकर चले ईंट-पत्थर

HighLights

  1. दंपती ने रास्ते में नशा कर रहे युवकों को टोका।

  2. विरोध करने पर युवकों ने दंपती से मारपीट की।

  3. दोनों पक्षों में जमकर ईंट-पत्थर चले, पुलिस ने संभाला।

जागरण संवाददाता, बिहारशरीफ। शहर के बैगनाबाद मोहल्ले में बुधवार की रात रास्ते में नशा कर रहे युवकों को टोकना एक दंपती को महंगा पड़ गया। विरोध करने पर युवकों ने दंपती के साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान दंपती के साथ मौजूद बच्चे को भी चोट लगने की बात सामने आई है। घटना के बाद दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते दोनों ओर से जमकर ईंट-पत्थर चलने लगे।

सूचना मिलने पर डीएसपी अमरनाथ के नेतृत्व में बिहार थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और उपद्रव कर रहे लोगों को खदेड़कर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मामले में एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है। एहतियात के तौर पर मोहल्ले में पुलिस बल की तैनाती की गई है।

बीच रास्ते में नशा करने से मना करने पर विवाद

जानकारी के अनुसार, बुधवार की रात एक दंपती अपने बच्चे के साथ बाजार से खरीदारी कर घर लौट रहा था। इसी दौरान बैगनाबाद मोहल्ले में रास्ते पर कुछ युवक कथित तौर पर नशा कर रहे थे। दंपती ने उन्हें रास्ते से हटकर कहीं और नशा करने के लिए कहा। इस बात पर युवक आक्रोशित हो गए और दंपती के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगे।

घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोग भी मौके पर जुट गए। इसके बाद विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच रोड़ेबाजी शुरू हो गई। अचानक हुए इस बवाल से मोहल्ले में अफरातफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई।

मुख्य आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी

बिहार थानाध्यक्ष रंजीत कुमार रजक ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि राजा नामक युवक को घटना का मुख्य सूत्रधार बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, उसके विरुद्ध पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज रहे हैं और वह जेल जा चुका है। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

सीसीटीवी फुटेज से होगी उपद्रवियों की पहचान

थानाध्यक्ष ने बताया कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं मिली है। आवेदन मिलने के बाद विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि रोड़ेबाजी और उपद्रव में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा सके। फिलहाल मोहल्ले में स्थिति शांतिपूर्ण और नियंत्रण में है।

यह भी पढ़ें- नालंदा में त्योहारों पर महिला सुरक्षा पर विशेष ध्यान, स्टंटबाजों पर होगी कड़ी कार्रवाई