नालंदा: मजदूरी मांगने पर खौलते तेल की कड़ाही में धकेला, 8 दिन बाद जिंदगी की जंग हारा मजदूर
बिहारशरीफ के दरुआरा बेलदारी गांव में मजदूरी मांगने पर एक युवक को खौलते तेल की कड़ाही में धकेल दिया गया।
-1791808064433_m.webp)
जांच में जुटी पुलिस। (जागरण)
HighLights
मजदूरी मांगने पर युवक को खौलते तेल में धकेला गया।
गंभीर रूप से झुलसे युवक की 8 दिन बाद मौत हुई।
पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी कर रही है।
जागरण संवाददाता, बिहारशरीफ। नूरसराय थाना क्षेत्र के दरुआरा बेलदारी गांव में मजदूरी मांगना एक युवक को भारी पड़ गया।
आरोप है कि मजदूरी मांगने पर दो लोगों ने उसके साथ मारपीट की और खौलते तेल की कड़ाही में धकेल दिया। गंभीर रूप से झुलसे युवक ने आठ दिनों तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद सोमवार की सुबह दम तोड़ दिया।
मृतक की पहचान बालगोविंद चौहान के 30 वर्षीय पुत्र कामो चौहान के रूप में हुई है। घटना के बाद स्वजन में कोहराम मचा है। स्वजन के अनुसार, कामो प्रदेश में ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करता था।
कुछ दिन पहले ही वह घर लौटा था। इसी दौरान कोंदी गांव निवासी दिलीप और राजा उसे हलवाई के काम में मदद के लिए दरूआरा बथानी पर आयोजित एक ब्रह्मभोज में ले गए थे।
मारपीट कर कड़ाही में धकेला
मृतक के बड़े भाई सूबे चौहान ने बताया कि चार अक्टूबर की रात करीब आठ बजे काम खत्म होने के बाद कामो ने अपनी मजदूरी मांगी।
इसी बात पर दिलीप और राजा भड़क गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और गाली-गलौज शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर दोनों ने कामो के साथ मारपीट की और उसे खौलते तेल की कड़ाही में धकेल दिया। इससे वह गंभीर रूप से झुलस गया।
पटना से रिम्स तक दौड़े स्वजन, नहीं बची जान
घटना के बाद कामो को सदर अस्पताल, बिहारशरीफ ले जाया गया। वहां से उसे बेहतर उपचार के लिए पावापुरी रेफर कर दिया गया। सूचना मिलने पर स्वजन अस्पताल पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपित वहां से फरार हो चुके थे।
कामो की गंभीर हालत को देखते हुए स्वजन उसे पटना ले गए। वहां भी स्थिति में सुधार नहीं होने पर उसे रिम्स और बाद में निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
तमाम कोशिशों के बावजूद सोमवार की सुबह उसकी मौत हो गई। स्वजन के मुताबिक, कामो के उपचार पर छह लाख रुपये से अधिक खर्च हो चुके थे। वह अपने पीछे दो बेटे और दो बेटियों समेत भरा-पूरा परिवार छोड़ गया है। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
नूरसराय थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। स्वजन की ओर से आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए उनके संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
