विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 12, 2011 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

राज्य का पहला समाचार पत्र 'बिहार बंधु' बिहारशरीफ की देन

By Edited By:
Published: Sat, 12 Nov 2011 09:37 PM (GMT+05:30)

News Article Hero Image

'बिहार बंधु' के नाम से राज्य का पहला साप्ताहिक समाचार पत्र वर्ष 1872 में बिहारशरीफ से निकला था। इस पत्र के संचालक मदन मोहन भट्ट तथा संपादक हसन अली थे। दोनों बिहारशरीफ के ही रहने वाले थे। साप्ताहिक पत्र 'बिहार बंधु' का प्रकाशन बिहारशरीफ और मुद्रण श्री पुरण प्रकाश प्रेस कोलकाता से होता था।

'जयंती स्मारक ग्रंथ' में राधा कृष्ण प्रसाद द्वारा लिखित बिहार की हिन्दी पत्रिकाएं शीर्षक लेख में पृष्ठ 574-575 में यह जानकारी छपी है। इस लेख में वर्णित है कि वर्ष 1872 में पंडित केशव राम भट्ट तथा पंडित मदन मोहन भट्ट के सहयोग से 'बिहार बंधु' नामक साप्ताहिक पत्र बिहारशरीफ से निकाला जाता था, जो बिहार का पहला हिन्दी पत्र था। 1872 से 73 तक भट्ट बंधुओं के सहपाठी मुंशी हसन अली संपादक रहे। 1874 में छापाखाना पटना चला आया। 1875 से केशव राम भट्ट स्वयं इसका संपादन करने लगे। बिहार के पहले हिन्दी पत्रकार होने का गौरव श्री भट्ट को ही प्राप्त है। बिहार में हिन्दी प्रचार, कचहरियों में हिन्दी के प्रवेश तथा राज्य में सामाजिक-राजनीतिक जागरण का श्रेय पं.केशव राम भट्ट और उनके बिहार बंधु को जाता है। हिन्दी के इतिहास ग्रंथों तथा बिहार हिन्दी साहित्य सम्मेलन के प्रारंभिक सभापतियों के भाषणों में यह तथ्य बार-बार पुष्ट होता रहा है।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर