मुजफ्फरपुर के कांटी में प्लंबर को गोली मार बदमाशों ने बाइक लूटी, गंभीर हालत में भर्ती
मुजफ्फरपुर-मोतिहारी फोरलेन स्थित छपरा- लसगरीपुर के निकट बुधवार की दोपहर बाइक सवार अपराधियों ने 24 वर्षीय शराफत हुसैन को गोली मारकर उसकी बाइक लूट ली। गंभीर स्थिति में उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसका इलाज किया जा रहा है।
मुजफ्फरपुर, जागरण संवाददाता। जिले के कांटी थाना क्षेत्र के मुजफ्फरपुर-मोतिहारी फोरलेन स्थित छपरा- लसगरीपुर के निकट बुधवार की दोपहर बाइक सवार बदमाशों ने लूटपाट का विरोध करने पर 24 वर्षीय शराफत हुसैन को गोली मार दी। वह करजा थाना के बड़कागांव का रहने वाला है और पेशे से प्लंबर है। गंभीर स्थिति में उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज किया जा रहा है।
मिली जानकारी के मुताबिक शराफत हुसैन शहर से अपने घर बाइक से जा रहा था। उसी दरम्यान बदमाशों ने उनकी बाइक लूट ली। बदमाशों ने उसे दो गोलियां मारी हैं। गोली उसके सीने और पेट में लगी है। स्थानीय लोगों की मदद से उसे बैरिया स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
बेहोशी हालत में उसे आइसीयू में भर्ती कराया गया है। सूचना पर कांटी थानाध्यक्ष कुंदन कुमार ने घटनास्थल पर पहुंच कर मामले की जांच शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि घटनास्थल के निकट से दो खोखा बरामद किया गया है। बदमाशों को चिह्नित करने का प्रयास किया जा रहा है।
घटना के समय मौजूद ग्रामीण ने की घायल की पहचान :
शराफत हुसैन के ग्रामीण नेसार अहमद ने बताया कि वे भी उस समय उसी रास्ते से गुजर रहे थे। उन्होंने शराफत की पहचान की और स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया। शराफत की जेब में लगभग चार सौ रुपये व मोबाइल था। इधर, घटना की सूचना पर कांटी विधायक ईसराइल मंसूरी ने अस्पताल पहुंच कर घटना और चिकित्सक से शराफत के स्वास्थ्य के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने पुलिस प्रशासन से घटना में शामिल बदमाशों की जल्द गिरफ्तारी व एनएच पर नियमित गश्ती की मांग की। उन्होंने बताया कि घटना में शामिल बदमाशों को गिरफ्तार करने के लिए वरीय पुलिस अधिकारी से बात करेंगे। उनके साथ राजद आपदा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष श्रीनारायण यादव समेत कई कार्यकर्ता भी थे।