मुजफ्फरपुर में महिला दारोगा पर मारपीट का आरोप लगा 200 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ा युवक, 4 घंटे तक मची अफरा-तफरी
मुजफ्फरपुर के रामनगर में एक युवक पुलिस पर मारपीट का आरोप लगाते हुए 200 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ गया। ...और पढ़ें
HighLights
युवक ने पुलिस पर मारपीट और धमकी देने का आरोप लगाया।
चोरी का मोबाइल वापस न मिलने पर टावर पर चढ़ा।
आरोपी महिला दारोगा से माफी की मांग पर अड़ा।
केशव कुमार, मुजफ्फरपुर। गायघाट थाना क्षेत्र के रामनगर गांव में गुरुवार की अहले सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब पुलिस की कार्यशैली से नाराज एक युवक करीब 200 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक की पहचान रामनगर निवासी शंभू चौधरी के 20 वर्षीय पुत्र अंकित राज चौधरी के रूप में हुई है।
युवक का आरोप है कि चोरी का मोबाइल वापस मांगने पर थाने में तैनात एक महिला दारोगा ने उसके साथ मारपीट की और झूठे मुकदमे में जेल भेजने की धमकी दी।
महिला दरोगा ने मोबाइल देने से इनकार कर दिया
टावर पर चढ़ने से पहले अंकित ने इंटरनेट मीडिया पर एक वीडियो अपलोड कर अपनी आपबीती सुनाई। वीडियो में उसने बताया कि करीब डेढ़ महीने पहले उसका मोबाइल चोरी हो गया था। पुलिस ने चोर को पकड़कर मोबाइल बरामद कर लिया था। इसके बाद उसने कोर्ट से कानूनी प्रक्रिया पूरी कर मोबाइल का रिलीज ऑर्डर ले लिया।
बुधवार को जब वह रिलीज आर्डर लेकर थाने पहुंचा, तो महिला दरोगा ने मोबाइल देने से साफ इनकार कर दिया। अंकित का आरोप है कि विरोध करने पर उसके साथ बदसलूकी और मारपीट की गई।
बारिश के बीच चार घंटे तक चला हाई वोल्टेज ड्रामा
गुरुवार सुबह करीब चार बजे युवक गांव के ही मोबाइल टावर पर चढ़ गया। इस दौरान तेज बारिश भी होती रही, लेकिन वह नीचे नहीं उतरा। युवक इस बात पर अड़ा रहा कि जब तक आरोपी महिला दरोगा मौके पर आकर उससे माफी नहीं मांगती, वह नीचे नहीं आएगा।
घटना की सूचना मिलते ही स्वजन और ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची गायघाट थाने की पुलिस और स्थानीय जनप्रतिनिधि युवक को समझाने-बुझाने में जुटे रहे। थाना अध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता ने बताया कि युवक को सुरक्षित टावर से नीचे उतारने के लिए हरसंभव कवायद की जा रही है। मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
