पूर्वी चंपारण में भूमि विवाद में पीट-पीट कर युवक की हत्या, विरोध में अरेराज-मोतिहारी मार्ग को कर दिया जाम
घटना से नाराज लोगों ने अरेराज-मोतिहारी मुख्य मार्ग को किया जाम, प्रशासनिक पहल के बाद माने लोग, भूमि विवाद को लेकर हुई घटना, सुबह टहलने निकले नागेंद्र की रास्ते में की गई पिटाई।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। पूर्वी चंपारण के अरेराज नगर पंचायत स्थित वार्ड संख्या-09 में शुक्रवार की सुबह भूमि विवाद को लेकर यहां के निवासी विद्यासगर साह के युवा पुत्र नागेंद्र साह की हत्या पीट-पीट कर दी गई। घटना को उनके ही पट्टीदारों ने अंजाम दिया। हत्या की सूचना फैलने के साथ पीड़ित परिजन व स्थानीय लोगों ने अरेराज-मोतिहारी मुख्य मार्ग को दिया। लोगों का कहना था कि पुलिस अविलंब घटना को अंजाम देनेवाले लोगों को गिरफ्तार करने व मुआवजे की मांग पर अड़ी थी। इस दौरान घंटों अरेराज-मोतिहारी मार्ग पर आवागमन बाधित रहा।
मौके पर पहुंची अरेराज ओपी पुलिस के साथ प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोरंजन कुमार पांडेय ने लोगों को समझाने की कोशिश की। लेकिन, वे माने नहीं। फिर एसडीएम धीरेन्द्र कुमार मिश्र व डीएसपी अजय कुमार मिश्र ने परिजनों को समझाया। फिर आवागमन सामान्य हुआ। एसडीएम ने पीड़ित परिवार को परिवारिक लाभ योजना के तहत 20 हजार का चेक व नागेंद्र की चार साल की पुत्री को मुख्यमंत्री कन्या योजना का लाभ देने का भरोसा दिलाया। इसके बाद परिजन माने। इस सिलसिले में युवक के पिता विद्यासागर साह ने पुलिस को बताया है कि घर के पास एक जमीन पर फुस की झोपड़ी बनाकर नागेंद्र रहता था। वह शुक्रवार की सुबह टहलने के लिए चद्रहिया गांव की ओर जा रहा था।
रास्ते में ईंट उद्योग चिमनी के पास गांव के ही रामप्रवेश साह, वैद्यनाथ साह, नंदू साह, रंजीत साह आदि ने पकड़ लिया और पीटने लगे। जब वह मरणासन्न हो गया तो उसे छोड़कर भाग निकले। सूचना के बाद उसे अनुमंडलीय अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी के बाद पुलिस निरीक्षक राणा रणविजय सिंह, गोविंदगंज थानाध्यक्ष राजीव कुमार, हरसिद्धि थानाध्यक्ष विनोद सिंह व ओपी प्रभारी अशोक कुमार जवानों के साथ आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रहे हैं।
छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
इस हत्याकांड में युवक के पिता विद्यासागर साह ने मामला दर्ज कराया है। मामले में अपने ग्रामीण रामप्रवेश साह, नंदू साह, वैद्यनाथ साह, रंजीत साह, संजय साह, अजीत साह सहित छह लोगों को नामजद किया है। वहीं रेराज अनुमंडल के पुलिस उपाधीक्षक अजय कुमार मिश्र ने कहा कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।