पश्चिम चंपारण में जहर देकर युवक की हत्या, शव को खेत में फेंका WestChamparan News
पश्चिम चंपारण के साठी थाना क्षेत्र के वृंदावन गांव की घटना। एक दिन पूर्व रहस्यमय ढंग से गायब हो गया था युवक।
पश्चिम चंपारण, जेएनएन। जिला अंतर्गत साठी थाना क्षेत्र के वृंदावन गांव से रहस्यमय ढंग से गायब एक युवक का शव उसके घर से दो किमी दूर सिकरहना नदी किनारे गन्ने के खेत में मिला। सरेह में गए लोगों ने शव को देखकर पुलिस को सूचना दी। उसकी पहचान वृंदावन गांव निवासी मोहम्मद अफैल (24) के रूप में की गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल बेतिया में भेजा। युवक के पिता शेख गयासुद्दीन ने जहर देकर हत्या की आशंका जताई है।
बताया कि मंगलवार शाम से पुत्र रहस्यमय ढंग से लापता था। देर रात तक खोजबीन की गई। लेकिन, पता नहीं चला। सुबह में ग्रामीणों ने गन्ने के खेत में शव मिलने की सूचना दी। शरीर पर जख्म का निशान नहीं थे। मुंह से झाग निकल रहा था। थानाध्यक्ष राजू कुमार मिश्र ने कहा कि प्रथम दृष्टया जहरखुरानी का मामला लग रहा था। लेकिन, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। युवक के स्वजनों का बयान लिया गया है। आगे की कार्रवाई में पुलिस जुटी थी।