Muzaffarpur Nagar Nigam News: नगर निगम परिसंपत्ति की चोरी या क्षतिग्रस्त होने पर प्राथमिकी दर्ज कराएंगे कर्मी, निर्देश जारी
Muzaffarpur Nagar Nigam News नगर निगम की परिसंपत्ति के चोरी होने या उन्हें क्षतिग्रस्त किए जाने पर निगम कर्मचारियों द्वारा संज्ञान नहीं लिया जाता था। लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। नगर आयुक्त ने जारी किया निर्देश। चोरी या नुकसान को स्टॉक पंजी में किया जाएगा दर्ज।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। नगर निगम की परिसंपत्ति के चोरी होने या उन्हें क्षतिग्रस्त किए जाने पर निगम कर्मचारियों द्वारा संज्ञान नहीं लिया जाता था। लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। नगर आयुक्त विवेक रंजन मैत्रेय ने कहा है कि मोटर की चोरी, नल खोल लेने या किसी वाहन द्वारा स्लैब या अन्य निर्माण को क्षतिग्रस्त कर दिए जाने की सूचना तो दी जाती है लेकिन किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं की जाती है। इससे निगम को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। संबंधित कर्मचारी निगम परिसंपत्ति की चोरी होने या क्षतिग्रस्त होने पर तत्काल थाने में प्राथमिकी दर्ज कराएंगे। साथ ही स्टॉक रजिस्टर में इसे अंकित कराएंगे ताकि आगे की कार्रवाई हो सके। उन्होंने संबंधित उप नगर आयुक्त को इसके अनुश्रवण की जिम्मेदारी सौंपी है।
डेंगू पर नियंत्रण को पार्षदों से मांगा सहयोग
मुजफ्फरपुर शहर में डेंगू का प्रकोप बढऩे की लगातार सूचना आ रही है। इसलिए इस पर नियंत्रण को कदम उठाना होगा। इसके लिए वार्ड पार्षदों के सहयोग की आवश्यकता है। नगर आयुक्त विवेक रंजन मैत्रेय ने निगम के सभी पार्षदों को पत्र लिखकर अपने-अपने वार्ड में डेंगू मरीजों की पहचान करने एवं उनकी सूची उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है।
पार्षद की अनदेखी कर एलईडी लाइट लगाने पर आपत्ति
वार्ड 11 की पार्षद प्रमीला देवी ने महापौर सुरेश कुमार को पत्र लिखकर उनकी अनदेखी कर वार्ड में एलईडी लाइट लगाने की शिकायत की है। पार्षद का कहना है कि उनके द्वारा एजेंसी को एलईडी लाइट लगाने के लिए कहे जाने पर उसे अनसुना कर दिया जाता है। लेकिन उनके विरोधियों के कहने पर लाइट लगाई जाती है। महापौर ने इसपर संज्ञान लेते हुए एजेंसी को जवाब मांगा है।