जन जन तक मोदी सरकार के आठ सालों की उपलब्धियां पहुंचाएंगे कार्यकर्ता, मोतिहारी में बोले-राधामोहन सिंह
East Champaran News सेवा सुशासन और गरीब कल्याण से जुड़ी योजनाओं का जनता के समक्ष पेश होगा रिपोर्ट कार्ड। एक से 14 जून तक विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से घर-घर पहुंचेंगे कार्यकर्ता बताएंगे सरकार की उपलब्धियां ।
मोतिहारी, जासं। पूर्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री सह सांसद व भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राधामोहन सिंह ने कहा है कि भाजपा के कार्यकर्ता मोदी सरकार की आठ साल सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण से जुड़ी उपलब्धियां हर व्यक्ति तक पहुंचाएंगे। एक तरह से यह जनता के समक्ष सरकार का एक रिपोर्ट कार्ड होगा। अगले महीने एक से 14 जून तक विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से कार्यकर्ता घर-घर पहुंचेंगे और जनता को उपलब्धियां
बताएंगे। वे भाजपा मोतिहारी जिला के पदाधिकारियों, मोर्चों एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों की सामूहिक बैठक को संबोधित कर रहे थे।
बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष प्रकाश अस्थाना ने की तथा संचालन महामंत्री मार्तण्ड नारायण सिंह ने किया। पूर्व केंद्रीय मंत्री सह सांसद ने कहा कि केंद्र सरकार की आठ वर्षों की उपलब्धियों की पुस्तिका का विमोचन जिला प्रभारी, जिलाध्यक्ष एवं सांसद द्वारा किया जाएगा। साथ ही सरकार के कार्यों का रिपोर्ट कार्ड भी दिया जाएगा। अभियान का एक गीत का शुभारंभ किया जाएगा। श्री सिंह ने कहा कि केंद्र व प्रदेश की सरकार द्वारा चयनित लाभार्थियों को सम्मानित किया जाएगा जो उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, जनधन योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना, सौभाग्य योजना, उजाला योजना, मृदा योजना, आयुष्मान योजना, गरीब कल्याण योजना एवं घर-घर नल सहित 10 योजनाओं के तहत होगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की उपलब्धियों का हैंडबिल का वितरण अभियान,विभिन्न कार्यक्रमों एवं बूथ स्तर तक वितरण किया जाएगा।
सरकार की उपलब्धियों की एक पॉकेट डायरी भी उपलब्ध कराई जाएगी। अभियान के तहत पौधारोपण, तालाबों की सफाई, स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, महापुरुषों की प्रतिमा पर माल्यार्पण, शिक्षण संस्थानों एवं बस्तियों में स्व'छता कार्यक्रम, राशन वितरण, विभिन्न क्षेत्रों में विशेष उपलब्धियां अर्जित करने वालों सहित स्वास्थ्यकर्मियों का सम्मान किया जाएगा। इसके अतिरिक्त आजादी के अमृत महोत्सव के मद्देनजर 75 मोटरसाइकिल पर 150 युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं द्वारा विकास तीर्थ बाइक रैली भी निकाली जाएगी जो पूरे मोतिहारी जिला का भ्रमण तीन दिनों में पूरा करेगी। यह रैली हर विधानसभा में प्रत्येक परियोजना स्थल तक जाएगी, जहां स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ एक जनसभा का आयोजन किया जाएगा।
बैठक में मंत्री गन्ना उद्योग सह विधि मंत्री प्रमोद कुमार, पिपरा विधायक श्यामबाबू यादव, विधायक सुनील मणि तिवारी, कृष्णनंदन पासवान, पूर्व विधायक सचिन्द्र प्रसाद सिंह, जिला उपाध्यक्ष बसंत मिश्रा, अनिल राय, जगजीवन पासवान, प्रभावती देवी, डॉ. हेना चंद्रा, रविन्द्र सहनी, जिला महामंत्री डॉ. लालबाबू प्रसाद, विवेकानंद पाण्डेय, जिला मीडिया प्रभारी गुलरेज शहजाद, जिला प्रवक्ता संजीव सिंह, महिला मोर्चा की पुतुल पाठक, अब्दुल कलाम, राजन मिश्रा, मोहिब्बुल हक, राजकिशोर कुशवाहा, प्रो. अरुण कुमार मिश्र, अनिरुद्ध सहनी, पंकज सिन्हा, विनोद कुशवाहा, देवेश सिंह, गुड्डी देवी, कुमार विजय उर्फ टिंकू जी, कार्यालय मंत्री पप्पू पांडेय आदि उपस्थित थे।