बेटिकट यात्रियों की खबर लेगा महिला उडऩदस्ता, रेल प्रशासन ने शुरू की कवायद
ट्रेनों व स्टेशनों पर जांच को महिला स्क्वायड गठित होगा ! समस्तीपुर रेलमंडल ने आय में बढ़ोत्तरी के लिए शुरू की पहल। महिला स्क्वायड को एक चार पहिया वाहन उपलब्ध कराया जाएगा।
मुजफ्फरपुर,जेएनएन। समस्तीपुर रेल मंडल में बेटिकट यात्रियों पर नकेल कसने के लिए महिला स्क्वायड तैयार किया जा रहा है। यह रनिंग ट्रेनों और स्टेशनों पर बेटिकट यात्रियों से जुर्माना वसूल करेगा। टिकट जांच के माध्यम से आय में सात फीसद की बढ़ोतरी से उत्साहित समस्तीपुर के डीआरएम आरके जैन ने इसके लिए एसीएम नरेन्द्र कुमार को निर्देश दे दिया है।ट्रेन में बिना टिकट सफर करने वाले यात्रियों को बीच रास्ते में पकड़कर जुर्माना वसूला जाएगा। जुर्माना नहीं देने की स्थिति में जेल हो सकता है। नई व्यवस्था के तहत अब महिला कर्मियों का एक स्क्वायड तैयार किया जाएगा।
टिकट चेकिंग में सात फीसद आय में बढ़ोत्तरी कर समस्तीपुर मंडल ने शील्ड जीता है। अगले वित्तीय वर्ष में आय को दोगुना करने का लक्ष्य रखा गया है। डीआरएम ने सभी विभागों के इंचार्ज को इस टीम के लिए एक-एक महिलाकर्मी तैनात करने को भी कहा है। इसमें बेहतर कार्य करने वाली महिला कर्मियों की तैनाती होगी। एसीएम ने कहा कि महिला स्क्वायड को एक चार पहिया वाहन उपलब्ध कराया जाएगा।
फिर आरपीएफ की मदद से यह टीम रास्ते में कहीं भी ट्रेनों में चढ़कर टिकट जांच करेगी। बिना टिकट चलने वाले लोगों को पकड़कर जुर्माना वसूली की जाएगी। समस्तीपुर मंडल में टिकट जांच के लिए पहले से उडऩ दस्ता सक्रिय है। इस दस्ता ने ट्रेनों में टिकट जांच कर बेटिकट यात्रियों से जुर्माना वसूला। इससे समस्तीपुर डिविजन की आय में सात फीसद की बढ़ोत्तरी हुई। अब अलग से महिलाओं का भी उडऩ दस्ता गठित करने की कवायद शुरू कर दी गई है।