मुजफ्फरपुर के कटरा में विधवा की हत्या, हिरासत में लिए गए पड़ोसी दंपती Muzaffarpur News
मुजफ्फरपुर के कटरा थाना क्षेत्र की घटना। पति की मौत के बाद मायके में ही रहती थी कौशल्या देवी। आरोपित ने एक माह पूर्व उसका तोड़ दिया था हाथ।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। कटरा थाना क्षेत्र के धोबौली गांव में एक विधवा की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। मृतका की शिनाख्त 65 वर्षीय कौशल्या देवी के रूप में की गई है जो अपने मायके में ही रह रही थी। परिस्थिति जन्य साक्ष्यों के आधार पर लोगों ने हत्या की आशंका जताई है। वहीं हत्या का कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ स्पष्ट हो सकेगा। संदेह के आधार पर पड़ोसी दंपती को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ जारी है।
बताया गया कि कौशल्या देवी पान खाने की आदी थी। मंगलवार की सुबह 7 बजे जब एक महिला उसे पान देने गई तो उसे मृत पाया। बिस्तर के पास जमीन पर खून के अवशेष पड़े थे। इसे देखकर हत्या की आशंका जताई गई। लोगों की सूचना पर पहुंची कटरा पुलिस ने मौके पर तहकीकात की।
मृतका की पुत्री पुनिया देवी ने पुलिस को बताया कि दो दिन पहले उसकी मां ने फोन पर बताया था कि चचेरे भाई रमेश राम की पत्नी रामरती देवी मारपीट कर रही है और जान से मारने की धमकी दे रही है। इसकी सच्चाई जानने के लिए पुलिस ने उक्त मोबाइल और व्यक्ति से संपर्क किया, लेकिन पुष्टि नहीं हुई। आरोप के आधार पर पुलिस ने रामरती देवी व उसके पति रमेश राम को हिरासत में ले लिया। मौके पर किसी ने हत्या की गवाही नहीं दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हेतु एसकेएमसीएच भेज दिया।
बताया गया कि कौशल्या देवी की शादी बंदरा के नूनफारा निवासी सुरेश राम से हुई थी। उसे दो पुत्र और दो पुत्री है। वे सभी बाहर मजदूरी करते हैं। पति की मौत के बाद वह अपने भाई प्रदीप राम के घर आ गई और वहीं बरामदे पर बिस्तर पर अकेली रहती थी। भाई परिवार के साथ देहरादून रहता है। लोगों ने बताया कि असहाय अवस्था में वह भीख मांगकर जीवन बसर कर रही थी। वहीं चचेरे भाई की पत्नी रामरती देवी के साथ अक्सर झगड़ा होने की बात लोगों ने बताई।
लोगों का कहना था कि कुछ महीने पहले उसकी पिटाई कर आरोपित ने हाथ तोड़ दिया था। लोगों का कहना था कि इन्हीं कारणों से गांव के दक्षिण एक सरकारी भूमि पर घर बनाने के लिए 15 दिनों पहले बांस कटवाई थी और घर बनाने की तैयारी में थी। एक भाई कुलदीप राम पहसौल बाजार पर परिवार के साथ रहता था। घटना की जानकारी मिलने पर सभी रिश्तेदार बारी-बारी से पहुंचने लगे। थानाध्यक्ष सिकंदर कुमार ने बताया कि हत्या का अबतक कोई ठोस कारण सामने नहीं आया है। लेकिन घटनास्थल पर मौजूद खून के छींटे हत्या की आशंका को बल देता है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही स्थिति स्पष्ट होगी। आरोपित दंपती को हिरासत में लेकर छानबीन की जा रही है।