जब थानाध्यक्ष के घूसे से दारोगा की आंख फूटते-फूटते बची, क्यों आई ऐसी नौबत...जानें
थानाध्यक्ष की पिटाई से जख्मी दारोगा का अनुमंडलीय अस्पताल में हुआ इलाज। एसपी ने कहा- जांच के बाद होगी कार्रवाई।
पश्चिमी चंपारण, जेएनएन। सामान्य रूप से अपराधियों और उपद्रवियों से भिड़ने वाले थानाध्यक्ष और दारोगा सोमवार की सुबह आपस में ही उलझ गए। यह घटना हुई भैराेगंज थाने में। थानाध्यक्ष और दारोगा के बीच शुरू हुई कहासुनी मारपीट में बदल गई। स्थिति यह हो गई थी कि दारोग की आंख जाते-जाते बची। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
सुबह में थानाध्यक्ष और दारोग में जमकर हाथापाई हुई। घटना में दारोगा घायल हो गए। उनकी आंख व सिर पर चोट के गंभीर निशान हैं। उन्हें इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने छुट्टी दे दी।
भैरोगंज थाने पर तैनात दारोगा अरुण कुमार सिंह को सोमवार को किसी मामले की जांच के लिए जाना था। वह थानाध्यक्ष अमरजीत कुमार से इस संबंध में अनुमति लेने गए। थानाध्यक्ष ने मना कर दिया। इसके बाद दोनों में कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते दोनों आपस में भिड़ गए। थानाध्यक्ष के हमले में दारोगा के आंख व सिर पर चोट लगी।इस संबंध में एसपी राजीव रंजन का कहना है कि आपसी विवाद की जानकारी मिली है। मामले की जांच कराई जा रही है। रिपोर्ट आने के बाद जो भी कानून के अनुसार होगा, कार्रवाई की जाएगी।