मुजफ्फरपुर में क्या रहने वाली है ठंड की स्थिति, जानें विभाग का पूर्वानुमान
Muzaffarpur Weather Forecast मौसम पूर्वानुमान के अनुसार अगले 24 घंटे के अंदर मौसम साफ होने की संभावना है । पश्चिमी विक्षोभ की पूर्ण सक्रियता से मौसम में बदलाव आया है। दिन व रात दोनों में ठंड बढ़ेगी ।
मुजफ्फरपुर, जासं। Muzaffarpur Weather Forecast: मौसम में उतार-चढ़ाव जारी है।गुरुवार को हल्की दोपहर में धूप निकली, लेकिन शाम होते ही ठंड का असर दिखने लगा। उत्तर बिहार के जिलों में अगले 24 घंटे के अंदर मौसम साफ होने की संभावना है। डा. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा के मौसम पूर्वानुमान के अनुसार अगले 24 घंटे के अंदर मौसम साफ होने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ की पूर्ण सक्रियता से मौसम में बदलाव आया है। दिन व रात दोनों में ठंड बढ़ेगी। मौसम वैज्ञानिक डा. गुलाब सिंह ने बताया कि अधिकतम तापमान 18 से 22 व न्यूनतम आठ से नौ डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। उत्तर बिहार में कहीं-कहीं कोल्ड डे की स्थिति बन सकती है। रात व सुबह के समय मध्यम से घना कुहासा रहेगा। इस दौरान पछिया हवा चलने के कारण कनकनी वाली ठंड पड़ेगी।
विभाग के द्वारा रिकॉर्ड अधिकतम तापमान 19.4 एवं न्यूनतम तापमान 14.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। बेमौसम बारिश से पूर्व से खेत में पानी लगने के कारण विलंब से बुआई करने वाले गेहूं, मक्का, आलू सहित कई फसलों को काफी नुकसान पहुंचा है। अधिकतम तापमान 23.1 डिग्री सेल्सियस जो सामान्य तापमान से 0.4 डिग्री ज्यादा तथा न्यूनतम तापमान 11.0 डिग्री सेल्सियस जो सामान्य से 2.6 डिग्री ज्यादा है। पछिया हवा 5.3 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चली।
शिवहर जिले में शुक्रवार को एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल गया है। मंगलवार की रात से बुधवार की शाम तक बारिश के बाद गुरुवार को खिली धूप के बाद इलाके के लोगों को सर्दी से राहत मिली थी। लेकिन शुक्रवार की सुबह इलाका एक बार फिर सर्दी की गिरफ्त में है। सुबह से ही इलाका कोहरे की चपेट में हैं। आसमान में बादल छाए हुए है। शीतल हवा बह रही है। सुबह दस बजे तक सूरज नहीं निकला है। कनकनी की वजह से लोग घरों में दुबके है। मौसम विभाग के अनुसार तापमान में गिरावट जारी रहेगा। सुबह -शाम इलाका कोहरे की चपेट में रहेगा।