DJ पर गाना बजाने को लेकर हुआ विवाद, जयमाला के समय मची अफरातफरी; बेगूसराय से मुजफ्फरपुर आई थी बरात
मुजफ्फरपुर के सकरा में एक शादी समारोह में डीजे पर गाना बजाने को लेकर बराती और स्थानीय युवकों के बीच हिंसक झड़प हो गई।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
डीजे पर गाना बजाने के विवाद में शादी समारोह में झड़प।
बराती और स्थानीय युवकों ने एक-दूसरे पर हमला किया।
तीन बाइकें क्षतिग्रस्त, आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हुए।
संवाद सहयोगी, सकरा। बरियारपुर थाना क्षेत्र की बाजी बुजुर्ग पंचायत में रविवार की रात आई बरात में डीजे पर गाना बजाने के विवाद में शादी समारोह स्थल रणक्षेत्र बन गया।
बराती पक्ष और स्थानीय युवकों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडे से हमला कर दिया। इस दौरान की गई तोड़फोड़ में तीन बाइकें क्षतिग्रस्त हो गईं, जबकि झड़प में आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए।
गाना बजाने को लेकर शुरू हुआ विवाद
बताया जाता है कि रविवार की रात बाजी बुजुर्ग पंचायत निवासी पवन मुखिया की पुत्री की शादी थी। इसमें बेगूसराय से बरात आई थी। देर रात डीजे पर गाना बजाने के सवाल पर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।
बराती पक्ष और स्थानीय युवकों के गुट ने एक-दूसरे पर हमला कर दिया। मंच पर उस समय जयमाला का कार्यक्रम हो रहा था। अचानक लाठी-डंडे से हमले के कारण अफरातफरी मच गई।
महिलाएं घर की ओर भागने लगीं। हमले के दौरान तीन बाइकों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रित किया। इस दौरान बहुत देर तक शादी की रस्में बंद हो गईं।
दूल्हा पक्ष को मनाने के बाद हुआ संस्कार
स्थानीय प्रबुद्ध लोगों के प्रयास के बाद दूल्हा पक्ष को मनाया गया, इसके उपरांत पाणिग्रहण संस्कार पूर्ण कराया गया।
पुलिस ने घटनास्थल से क्षतिग्रस्त तीनों बाइकों को जब्त कर थाने ले आई है।
मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। बरियारपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि शादी समारोह में डीजे पर गाना बजाने के विवाद में मारपीट की सूचना मिली थी।
पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित कर दिया। अब तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं दी गई है। आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- पटना में फर्जी पुलिस बनकर आए, सैल्यूट मारा और 28 KG चांदी लेकर हुए फुर्र; FIR दर्ज
