कटरा में बागमती का जलस्तर घटा, पीपा पुल पर शुरू हो गया आवागमन
कटरा में बागमती के जलस्तर में शनिवार को दो फीट की कमी दर्ज की गई। इसके साथ ही पीपा पुल पर आवागमन शुरू हो गया। हालांकि एप्रोच पथ में कीचड़ और पानी लगने से पीपा पुल पर पहुंचने का मार्ग अवरुद्ध है।
मुजफ्फरपुर। कटरा में बागमती के जलस्तर में शनिवार को दो फीट की कमी दर्ज की गई। इसके साथ ही पीपा पुल पर आवागमन शुरू हो गया। हालांकि एप्रोच पथ में कीचड़ और पानी लगने से पीपा पुल पर पहुंचने का मार्ग अवरुद्ध है। पैदल व दोपहिया वाहनों के लिए बगल से चचरी पुल बनाकर आवागमन शुरू कर दिया गया है। पीपा संचालक मुन्नू सिंह ने बताया कि शीघ्र ही एप्रोच पथ को चचरी से जोड़कर चार पहिया वाहन के लिए यातायात बहाल कर लिया जाएगा। पीपा पुल के शुरू हो जाने से लोगों ने राहत की सांस ली। शनिवार को काफी संख्या में लोगों ने इस पर आवागमन किया।
औराई में बागमती नदी में मिला अज्ञात किशोरी का शव : औराई में बागमती नदी की दक्षिणी उपधारा में शनिवार सुबह करीब 15 वर्षीया किशोरी का शव उपलाते हुए लोगों ने देखा। इसकी जानकारी मिलते ही बेनीपुर, फतेहपुर, बेरौना समेत अन्य गावों के लोगों वहां एकत्र हो गए। साथ ही इसकी सूचना थाने को भी दी गई। सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने एएसआइ अखिलेश यादव को दल बल के साथ मौके पर भेजा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए श्री कृष्ण मेडिकल कालेज एवं अस्पताल भेजा है। उसकी अभी पहचान नहीं हो सकी है। प्रत्यक्षदर्शियों ने आशंका जताई कि उसे कहीं से लाकर फेंका गया था। वह फ्राक व सलवार पहने थी। पुलिस का कहना है कि उसकी शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है। आसपास के थानों को सूचना दी गई है।