Coronavirus : NewYork के चिडिय़ाघर में बाघिन को कोरोना की सूचना पर VTR अलर्ट, जानें व्यवस्था के बारे में
Coronavirus वीटीआर से वनकर्मियों के बाहर निकलने पर पाबंदी वन अधिकारियों की छुट्टी की गई रद। मुख्य वन संरक्षक ने वन अधिकारियों की छुट्टी अगले आदेश तक रद कर दी है।
पश्चिम चंपारण, जेएनएन। न्यूयॉर्क के चिडिय़ाघर में बाघिन के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद वीटीआर (वाल्मीकि टाइगर रिजर्व) प्रशासन अलर्ट हो गया है। मुख्य वन संरक्षक ने वन अधिकारियों की छुट्टी अगले आदेश तक रद कर दी है। साथ ही वनकर्मियों को निर्देश दिया है कि वे अगले आदेश तक वन क्षेत्र से बाहर नहीं निकलें। ड्यूटी के दौरान फिजिकल डिस्टेंसिंग का पालन करें। 890 वर्ग किलोमीटर में फैले वीटीआर में 40 से अधिक बाघ, पांच हाथी और 110 भालुओं के अलावा अन्य कई जानवर हैं। लॉकडाउन के बाद से यहां पर्यटकों के प्रवेश पर पहले से पाबंदी है। लेकिन, अब पशुपालकों को भी जंगली क्षेत्र में मवेशियों को चराने लाने पर रोक लगा दी गई है।
सुरक्षा पर सवाल
इसके अलावा वीटीआर प्रशासन ने वन प्रमंडल एक के मंगुराहा, रघिया, उदयपुर और वन प्रमंडल दो के चिउटाहां, हरनाटांड़, मदनपुर, गोनौली, वाल्मीकिनगर रेंज के वनकर्मियों के घर जाने पर भी रोक लगा दी है। यह रोक गोबर्द्धना रेंज में पहले से ही लागू थी। अधिकारियों का मानना है कि घर जाने के दौरान यदि कोई कर्मी कोरोना संक्रमित हो गया तो जानवरों की सुरक्षा पर सवाल खड़ा हो जाएगा।
वनकर्मियों की कार्यशैली की समीक्षा
मुख्य वन संरक्षक के आदेश के बाद वन प्रमंडल एक तथा दो के डीएफओ नियमित रूप से वनकर्मियों की कार्यशैली की समीक्षा कर रहे। वीटीआर के 45 एंटी पोचिंग सेंटरों में 250 कर्मियों को सेल्फ क्वारंटाइन किया गया है। ये ऐसे कर्मी हैं जो हाल में घर आए-गए हैं। जबकि 700 कर्मी लॉकडाउन का पालन करते हुए ड्यूटी कर रहे हैं। कर्मी एक-एक मीटर की दूरी मेंटेन करते हुए साइकिल से गश्त लगा रहे हैं।
बंदरों से खतरा बढ़ा
वीटीआर में बड़ी संख्या में बंदर, चिंपांजी और गोरिल्ला हैं। बंदर भोजन की तलाश में रिहायशी इलाकों में जाते रहते हैं। इससे भी कोरोना का खतरा है। इसे देखते हुए वनकर्मी बंदरों की ट्रैङ्क्षकग कर रहे हैं। मुख्य वन संरक्षक, वीटीआर हेमकांत राय का कहना है कि कोरोना के संक्रमण का खतरा वन्य जीवों पर भी है। इसलिए एहतियात के तौर पर अलर्ट किया गया है।
पशु चिकित्सक का एक पद, वह भी खाली
वीटीआर में पशु चिकित्सक का एक पद है। वह भी इस समय खाली है। बगहा के पशु चिकित्सक से काम चलाया जाता है। पशु चिकित्सक के अनुसार वीटीआर में कोरोना से बचाव के लिए जानवरों के पानी पीने वाली जगह को सैनिटाइज करने, वनकर्मियों की ओर से फिजिकल डिस्टेंङ्क्षसग का ख्याल रखने और सैनिटाइजर का इस्तेमाल करने सहित उपाय को जरूरी बताया।