पश्चिम चंपारण में चाकू दिखा युवती से छेडख़ानी, वीडियो वायरल West Champaran News
पश्चिम चंपारण के धनहां थाना क्षेत्र के एक गांव का मामला प्राथमिकी दर्ज। सहेली की शादी से लौट रही थी पीडि़ता आरोपियों ने रोका रास्ता।
पश्चिम चंपारण, जेएनएन। बगहा पुलिस जिले के धनहा थाना क्षेत्र के एक गांव में सहेली की शादी में शामिल होकर लौट रही युवती के साथ गांव के ही पांच युवकों ने छेडख़ानी की। युवती ने जब विरोध किया तो युवकों ने चाकू निकाल लिया। काफी देर तक युवती के साथ अभद्र व्यवहार करने वाले युवकों ने इस संपूर्ण प्रकरण का वीडियो भी बनाया और फिर उसे वायरल कर दिया। घटना 14 जुलाई की है। पीडि़ता ने जब थाने पहुंचकर मामले की जानकारी दी तो उसका आवेदन पुलिस ने ले लिया, लेकिन प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई।
इस बीच वीडियो वायरल होने के बाद जब मामला वरीय अधिकारियों तक पहुंचा तो हड़कंप मच गया। आनन-फानन में कांड दर्ज कर लिया गया। पीडि़ता का कहना है कि वह 14 जुलाई की रात गांव में ही सहेली की शादी में गई थी। देर रात बाद जब वापस घर लौट रही थी तो गांव के ही कृष्णमोहन यादव व सिकंदर यादव अपने तीन अज्ञात साथियों के साथ पहुंचे और उसे रोक लिया।
युवती ने हिम्मत दिखाकर भागने का प्रयास किया तो उसे चाकू दिखाकर डराया गया। फिर आरोपियों ने उसके साथ छेडख़ानी की और इसका वीडियो बना लिया। धनहा थानाध्यक्ष शंभु गुप्ता ने बताया कि युवती के बयान पर आईटी एक्ट व छेडख़ानी का मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। वीडियो में दिख रहे युवकों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप