सीतामढ़ी: रीगा में मछली मारने को लेकर दो गुटों में हिंसक झड़प, आधा दर्जन लोग जख्मी
Sitamarhi News सीतामढ़ी के रीगा थाना क्षेत्र के भबदेपुर गांव में एक पोखर में मछली मारने को लेकर दो गुटों में हिंसक झड़प के बाद बवाल छिड़ गया। एक समुदाय के लोगों ने की रोड़ेबाजी बुलानी पड़ी भारी पुलिस फोर्स। घायलों को भेजा गया अस्पताल छानबीन में जुटी पुलिस।
सीतामढ़ी, जेएनएन। जिले के रीगा थाना क्षेत्र के भबदेपुर गांव में एक पोखर में मछली मारने को लेकर दो गुटों में हिंसक झड़प के बाद बवाल छिड़ गया। एक समुदाय के लोगों ने रोड़ेबाजी कर दी जिसमें तकरीबन आधा दर्जन लोगों के चोटिल होने की सूचना है। घायलों काे इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया। बवाल की सूचना के बाद इलाके में भारी पुलिस फोर्स व अर्द्धसैनिक बल तैनात कर दिए गए हैं।
बताया जा रहा है कि शनिवार को गांव स्थित दरबार के पोखर में मछली मारने को लेकर विवाद शुरू हुआ। जिसमें एक गुट के लोग दूसरे लोगों पर पत्थरबाजी करने लगे। घटना की सूचना मिलते ही रीगा थानाध्यक्ष सुभाष मुखिया पुलिस बल लेकर घटनास्थल पर पहुंच गए। स्थिति को नियंत्रण में कर लिया गया। तुरंत बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामला पूरी तरह शांत हो चुका है। किसी भी गुट के लोगों से लिखित आवेदन नहीं मिला है। पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। किसी भी पक्ष से आवेदन मिलते हैं तो उसपर त्वरित कार्रवाई होगी।