प्रेम विवाह कर घर लौटे नवदंपती को ग्रामीणों ने दी ये सजा और गांव से निकाला
आठ महीने पूर्व घर से भागकर रचाई थी शादी, विगत एक अक्टूबर को कर लिया था कोर्ट मैरिज और जब शादी कर गांव लौटे तो मिली ये सजा, जानिए इस खबर में...
मुजफ्फरपुर (जेएनएन)। जिले के पड़ोस में स्थित समस्तीपुर जिला अंतर्गत हलई ओपी की बाजितपुर करनैल पंचायत में ग्रामीणों ने एक नवदंपती को सोमवार को गांव से बाहर निकाल दिया। ग्रामीणों की इस कार्रवाई के खिलाफ नवदंपती ने हलई पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है।
गांव में अगल-बगल रहते थे
पीडि़त के अनुसार वे दोनों बाजितपुर गांव में अगल-बगल रह रहे थे। पड़ोसी होने तथा साथ में पढ़ाई के दौरान दोनों में प्रेम संबंध पनपा। घरवालों को ये सब मंजूर नहीं था। उनकी इच्छा के खिलाफ आठ महीने पूर्व भागकर दोनों पंजाब चले गए। वहां उन्होंने एक मंदिर में शादी रचा ली।
इसके बाद पंजाब से वापस आकर पिछले एक अक्टूबर को वैशाली कोर्ट में विवाह का निबंधन भी करा लिया। कोर्ट मैरिज के बाद रविवार की रात दोनों अपने घर बाजितपुर करनैल पहुंचे। इससे आक्रोशित ग्रामीणों ने दोनों को सोमवार को गांव से बाहर निकाल दिया।
गांव में नहीं आने की हिदायत
साथ ही दोनों को गांव में नहीं आने की हिदायत दी है। ग्रामीणों के अनुसार जहां पड़ोसी का रिश्ता होना चाहिए, वहीं प्रेम संबंध बनाकर शादी रचाने से गांव का सामाजिक माहौल खराब होगा। ग्रामीणों ने गांव के वातावरण को खराब होने से बचाने के लिए ग्राम बदर कर दिया है।
न्याय की लगाई गुहार
सोमवार को पीडि़त नवदंपती हलई ओपी पहुंचकर ओपी अध्यक्ष संजय कुमार से गुहार लगाई। ओपी अध्यक्ष संजय कुमार ने नवदंपती को न्याय का भरोसा देते हुए दोनों को अपने घर पर ही रहने को कहा है। दोनों बालिग हैं। कानून के मुताबिक दोनों की आपसी रजामंदी से शादी वैध है। किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने का अधिकार नहीं है। इन दोनों के साथ कोई बल प्रयोग करता है तो उसके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।