गैंगवार में शातिर रणधीर भगत को मारी गोली
बरूराज थाना क्षेत्र के विशुनपुर होरील गांव में मोतीपुर के बथना निवासी अपराधी रणधीर भगत अपने ही गिरोह का शिकार हो गया।
मुजफ्फरपुर। बरूराज थाना क्षेत्र के विशुनपुर होरील गांव में मोतीपुर के बथना निवासी अपराधी रणधीर भगत अपने ही गिरोह का शिकार हो गया। एक युवती को मोहरा बनाकर अपराधियों ने रणधीर को गोलियों से छलनी कर दिया। रणधीर को तीन गोली मारी गई है। अपराधियों ने गोली मारने के बाद रणधीर को बोलेरो में लादकर मोतीपुर साहेबगंज पथ पर बरूराज थाना क्षेत्र के मुरारपुर रातल मैदान के समीप फेंक दिया। सोमवार की अलसुबह ड्यूटी कर लौट रहे चौकीदार की सूचना पर बरूराज पुलिस ने रणधीर को जख्मी स्थिति में मुरारपुर रातल मैदान के समीप से बरामद किया। उसे चिकित्सा के लिए शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसके सिर, सीने और पेट में गोली मारी गई है। रणधीर पूर्व से राहजनी, लूट, डकैती सहित दर्जनों मामलों का आरोपित है। हाल ही में वह जेल से छूटकर बाहर आया था। बरूराज और कथैया पुलिस ने घटनास्थल से तीन चप्पल, बास के डंडे बरामद किए हैं। पुलिस ने उक्त मामले में चार युवकों और एक युवती को हिरासत में लिया है। हिरासत में लिए गए युवकों में मोतीपुर थाना क्षेत्र के बथना निवासी विक्की कुमार, विशाल कुमार, दीपक कुमार, पूर्वी चंपारण के भुड़कुड़वा निवासी गोपी सहनी के अलावा एक युवती शामिल है। बताया जा रहा है कि गुड्डू सिंह और रौशन सिंह ने हनी ट्रेप में फंसाकर रणधीर भगत को गैंगवार में गोली मारी है। उक्त मामले में पुलिस अब बथना के गुड्डू सिंह, साहेबगंज थाना क्षेत्र के सोनौत निवासी रौशन सिंह की तलाश में जुट गई है। गुड्डू सिंह पर मोतीपुर, साहेबगंज, चकिया, मेहसी और रौशन सिंह साहेबगंज, मोतीपुर, दरभंगा और मोतिहारी के कई थानों में हत्या, लूट, डकैती और गोपी सहनी पर भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। गुड्डू सिंह और रौशन हाल ही में जेल से छूटकर बाहर आया है। पुूछताछ में मिली जानकारी के अनुसार रणधीर भगत, गुड्डू सिंह साथ में अपराध की घटना को अंजाम देते थे। उसमें गोपी सहनी और रौशन सिंह भी साथ होते थे। एक साल से गुड्डू का मतभेद रणधीर भगत से चल रहा था। गुड्डू ने गोपी सहनी और रौशन सिंह के साथ मिलकर एक अलग गिरोह बना लिया था। बताया जा रहा है कि एक वर्ष पूर्व रणधीर ने पुलिस का मुखबिर बनकर गोपी साहनी को मोतीपुर पुलिस से पकड़वाया था जिसके बाद दोनों गुटों में मतभेद चरम पर थे। डीएसपी पश्चिमी कृष्ण मुरारी प्रसाद ने बताया कि आपसी दुश्मनी में रणधीर भगत को गोली मारने की बात सामने आ रही है। उसे गंभीर स्थिति में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हनी ट्रैप के मामले में जाच चल रही है। चार युवकों और एक युवती को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।