यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 13, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Vande Bharat: बिहार को मिल रही एक और वंदे भारत ट्रेन, PM मोदी 7 दिन बाद दिखाएंगे हरी झंडी
Bihar Vande Bharat Express मुजफ्फरपुर-चंपारण रूट पर 20 जून से वंदे भारत ट्रेन शुरू होगी जिसे पीएम मोदी हरी झंडी ...और पढ़ें

HighLights
- मुजफ्फरपुर-चंपारण रूट से पटना तक 20 जून को रवाना होगी ट्रेन
- दैनिक जागरण में 18 अप्रैल को प्रमुखता से प्रकाशित की थी खबर
गोपाल तिवारी, मुजफ्फरपुर। मुजफ्फरपुर-चंपारण रूट से पटना तक के लिए 20 जून से वंदे भारत ट्रेन चलाई जाएगी। इसके साथ ही वैशाली-देवरिया 29 किलोमीटर की नई रेल लाइन पर ट्रेन सेवा शुरू होने के अलावा लोकोमोटिव फैक्ट्री, मढ़ौरा, सारण से गिनी गणराज्य के लिए पहले लोकोमोटिव का निर्यात होगा।
पटना में होने वाले कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ करेंगे। ये सारी अलग-अलग योजनाएं 400-400 करोड़ की हैं।
बता दें कि रेलवे बोर्ड से आदेश आने के बाद दैनिक जागरण में 18 अप्रैल को मुजफ्फरपुर-चंपारण रूट में चलेगी वंदे भारत ट्रेन शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी।
उसके बाद इसकी तैयारी शुरू कर दी गई थी। मुजफ्फरपुर-चंपारण रूट की यह वंदे भारत ट्रेन गोरखपुर से पटना के लिए खुलेगी।
गोरखपुर से खुलने के बाद वाया नरकटियागंज, बेतिया, मोतिहारी होते मुजफ्फरपुर आएगी और यहां से हाजीपुर, सोनपुर, पहलेजा धाम होते पटना जाएगी।
रेल के उच्चपदस्थ सूत्रों के अनुसार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पटना में होने वाले कार्यक्रम के दौरान हरी झंडी दिखाकर 20 जून को रवाना करेंगे।
.jpg)
दैनिक जागरण में 18 अप्रैल के अंक में मुजफ्फरपुर-चंपारण रूट से वंदे भारत चलने की प्रमुखता से प्रकाशित हुई थी खबर।
पटना गोरखपुर के बीच चलने वाली वंदे भारत ट्रेन का मेंटेनेंस गोरखपुर में होगा। इसकी तैयारी जोरशोर से चल रही।
मुजफ्फरपुर, चंपारण रूट से वंद भारत के चलने पर पूरे उत्तर बिहार के लोग कम समय में गोरखपुर पहुंच जाएंगे। समस्तीपुर डीआरएम विनय श्रीवास्तव ने यह प्रस्ताव काफी दिनों पहले यह प्रस्ताव भेजा था।
गोरखपुर से मुजफ्फरपुर, पटना की राह होगा आसान
वंदे भारत ट्रेन के चलने से गोरखपुर से मुजफ्फरपुर, पटना की राह आसान होगा। इस ट्रेन का नंबर भी जारी कर दिया गया है।
बताया जाता है कि 22549/22550 नंबर की आठ कोच वाली गोरखपुर-अयोध्या-लखनऊ-प्रयागराज वंदे भारत आठ जून से 16 कोच की रेक से चलने लगी है।
ऐसे में आठ कोच वाली रेक खाली हो गई है। यह आठ कोच वाली रेक ही वंदे भारत के रूप में गोरखपुर से पटना के बीच चलाई जाएगी।
रेलवे प्रशासन ने आठ कोच वाली रेक खाली होने के बाद मरम्मत, धुलाई और सफाई शुरू कर दी है। वंदे भारत ट्रेन गोरखपुर से सुबह छह बजे खुलेगी और रात को साढ़े नौ बजे तक वापस आ जाएगी।
सादपुरा के लिए 1.39 एकड़ भूमि का अधिग्रहण
मुजफ्फरपुर-नारायणपुर रेलखंड स्थित सादपुरा रेल फाटक पर रेल ओवर ब्रिज निर्माण का प्रस्ताव विकास प्रबंधन संस्थान द्वारा दिया गया है। संस्थान के डा. गौरव मिश्रा ने जिलाधिकारी को रिपोर्ट सौंपी है।
विकास प्रबंधन संस्थान की रिपोर्ट के अनुसार सादपुरा रेल लेवल क्रासिंग संख्या-100 स्पेशल (रेलवे किमी 83/26-28) के स्थान पर रेल ओवर ब्रिज (आरओबी) के निर्माण के लिए 1.3901 एकड़ भूमि का अधिग्रहण होगा।
इसको लेकर सामाजिक प्रभाव के अध्ययन की रिपोर्ट जारी की गई है। इसका मुख्य उद्देश्य विस्थापित होने वाले लोगों और स्थानीय समुदाय पर पड़ने वाले प्रभावों का उचित मूल्यांकन करना है।
इस अध्ययन के निष्कर्ष भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और न्यायसंगत बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे।
यह भी सुनिश्चित करेगी कि विकास परियोजनाओं के कारण किसी को अनुचित नुकसान न हो और प्रभावित को उचित मुआवजा और पुनर्वास मिल सके।
85 करोड़ रुपये से दुरुस्त होंगे पुल और पुलिया
पूर्व मध्य रेल के समस्तीपुर रेलमंडल से वंदे भारत और अमृत भारत ट्रेन चलने की योजना के मद्देनजर रेल पटरियों से लेकर पुल-पुलियों को दुरुस्त करने का निर्देश दिया गया है।
इसको लेकर मुजफ्फरपुर-नरकटियागंज रेलखंड पर कपरपुरा से सुगौली तक पुल, पुलिया दुरुस्त करने, मिट्टी भराई, नई रेल लाइन बिछाने, यार्ड आदि पर 85.66 करोड़ से अधिक खर्च करने की योजना बनाई गई है।
इसका टेंडर भी जारी कर दिया गया है। टेंडर के पहले फेज में कपरपुरा से जीवधारा खंड को लिया गया है। वहां तक रेलवे कनेक्टिविटी को मजबूत करने के बाद आगे फिर से टेंडर निकाल काम बढ़ाया जाएगा।
इससे यात्री एवं माल ढुलाई दोनों की क्षमता में बढ़ोतरी होगी। इस परियोजना में रिटेनिंग वाल का भी निर्माण कराया जाना है, जो मिट्टी के कटाव को रोकने के साथ ट्रैक को मजबूत रखेगा। प्लेटफार्म गेट व लाज का निर्माण भी किया जाएगा।
