Citizenship Amendment Act के विरोध में मुज़फ़्फ़रपुर में हंगामा, उपद्रवियों ने किया पथराव, तोडफ़ोड़
Citizenship Amendment Act बनारस बैंक चौक पर एसएसपी का घेराव जमादार पर फेंक दी राख। ब्रह्मपुरा माड़ीपुर समेत कई जगहों पर बवाल ब्रह्मपुरा थानाध्यक्ष से धक्का-मुक्की।
मुज़फ़्फ़रपुर, जेएनएन। Citizenship Amendment Act के खिलाफ राजद की ओर से बंद का आह्वान किया गया। बंद के दौरान कई जगहों पर जमकर बवाल हुआ। रामदयालु में पुलिस और स्थानीय लोगों पर पथराव किया गया। ब्रह्मपुरा में दवा को दो दुकानों और जनरल स्टोर में तोडफ़ोड़ की गई। बनारस बैंक चौक पर पहुंचे एसएसपी का बंद समर्थकों ने घेराव किया। एक जमादार पर जले हुए टायर की राख फेंक दी। माड़ीपुर में पुलिस के साथ बंद समर्थकों की जमकर नोकझोंक हुई। ब्रह्मपुरा थाना चौक से लेकर महेश बाबू और मेहंदी हसन चौक पर तनाव की स्थिति बनी रही।
समझाने गए ब्रह्मपुरा थानाध्यक्ष विश्वनाथ राम से धक्का-मुक्की की गई। एसएसपी समेत काफी संख्या में फोर्स ने पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। स्थानीय लोगों ने असामाजिक तत्वों और उपद्रवियों के खिलाफ एकजुटता दिखाते हुए खदेड़ कर भगाया। ब्रह्मपुरा और रामदयालु में पूरे दिन सिटी एसपी पीके मंडल, नगर डीएसपी रामनरेश पासवान व एसडीओ पूर्वी डॉ. कुंदन कुमार डटे रहे।
पुल पर से फेंकने लगे पत्थर
रामदयालु के स्थानीय लोगों व दुकानदारों ने बताया कि पुल से होकर बंद समर्थक जा रहे थे। इस दौरान अचानक से पत्थरबाजी शुरू हो गई। जब तक लोग समझते और जान बचाते तब तक आधा दर्जन से अधिक जख्मी हो गए थे। पथराव होते देख रामदयालु गुमटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने उपद्रवियों को नीचे से चेताया तो उन पर भी पत्थरबाजी कर दी गई। पुलिस बल ने किसी तरह छुपकर जान बचाई। इसके बाद स्थानीय लोगों और पुलिस ने उपद्रवियों को खदेड़ कर भगाया। एसएसपी के पहुंचने पर लोग उपद्रवियों की त्वरित गिरफ्तारी की मांग करने लगे। घटना के संबंध में सौ से अधिक उपद्रवियों पर प्राथमिकी दर्ज करने के लिए सामूहिक रूप से सदर थाने में आवेदन दिया गया है।
ब्रह्मपुरा में मोर्चा संभाले रहे एसएसपी
ब्रह्मपुरा में दुकानों में तोडफ़ोड़ के बाद स्थिति तनावपूर्ण बन गई। दो पक्ष आमने-सामने आ गए। अनियंत्रित स्थिति की सूचना पर एसएसपी दलबल के साथ पहुंचे। शांति व्यवस्था कायम रखने की अपील की और उपद्रवियों को चेतावनी दी।
जवानों ने किया फ्लैग मार्च
ब्रह्मपुरा, रामदयालु और बनारस बैंक चौक समेत कई जगहों पर तनाव की स्थिति के बाद एसटीएफ और एसआरएएफ के जवानों ने फ्लैग मार्च किया। असामाजिक तत्वों को खदेड़ कर भगाया गया। नगर थानाध्यक्ष ओमप्रकाश स्वयं फ्लैग मार्च कर लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील करते रहे।
थानाध्यक्ष ने दिया धैर्य और समझदारी का परिचय
ब्रह्मपुरा थानाध्यक्ष विश्वनाथ राम ने तनावपूर्ण स्थिति के दौरान धैर्य और समझदारी का परिचय दिया। अपने साथ धक्का मुक्की के बावजूद आवेश में नहीं आए। शांतिपूर्ण तरीके से मामले को संभालने में जुटे रहे। नतीजतन मामला अधिक नहीं बढ़ा।
इस बारे में एसएसपी जयंत कांत ने कहा कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। कहीं से किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पुलिस ने समझदारी और धैर्य के साथ काम लिया है। वे खुद कई जगहों पर गए। जिले में पूरी तरह शांति व्यवस्था कायम है।