अहियापुर के बेला पचगछिया गांव में बवाल, पेट्रोल बम फेंका, 16 गिरफ्तार
अहियापुर के बेला पचगछिया गांव में वर्चस्व को लेकर शनिवार को दो पक्षों में जमकर भिड़ंत हुई।
मुजफ्फरपुर। अहियापुर के बेला पचगछिया गांव में वर्चस्व को लेकर शनिवार को दो पक्षों में जमकर भिड़ंत हुई। एक पक्ष ने दूसरे पर पेट्रोल बम फेंका। चार राउंड से अधिक फायरिग की गई। एक दूसरे पर लाठी -डंडे चलाए गए और जमकर पत्थरबाजी की गई। इससे दोनों पक्षों के एक दर्जन अधिक लोग घायल हुए । कई घंटे तक गांव रणक्षेत्र में बदला रहा। सूचना पर पहुंची अहियापुर थाना पुलिस पर भी उपद्रवियों ने लाठी-डंडे व पत्थरों से हमला कर दिया। पुलिस गाड़ी में आग लगाने की कोशिश की गई। हमले में एक दारोगा सहित तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। कई अन्य को चोटें आई। माहौल बिगड़ने की सूचना पर नगर डीएसपी रामनरेश पासवान, क्यूआरटी जवान, बोचहां- ब्रह्मापुरा व अन्य थाना की पुलिस के साथ गांव में पहुंचे। गांव में उपद्रव मचा रहे उपद्रवियों पर लाठियां चटकाई और खदेड़ दिया। पुलिस ने उपद्रव फैला रहे दोनों पक्षों के 16 आरोपितों को गिरफ्तार किया हे। पुलिस ने आरापितों के घर पर छापेमारी की। एक आरोपित के घर की तलाशी लेने पर दो बम मिला। अहियापुर थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष सुमन झा ने बताया कि 50 नामजदों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
यह है मामला : बेला पचगछिया गांव के सत्यनारायण महतो व राजेश महतो के परिवार के बीच पिछले एक साल से आपसी रंजिश है। छोटी-छोटी बातों पर दोनों पक्षों में मारपीट आम बात थी। एक माह पहले दोनों पक्षों के बीच जमीन को लेकर विवाद हुआ। इस बीच एक किशोरी के प्रेम प्रसंग को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद गहरा गया। पिछले एक सप्ताह से मारपीट का दौर चल रहा है। दो दिन पहले एक पक्ष की बाइक को क्षतिग्रस्त व झोपड़ी जला दी गई थी। दोनों के पट्टीदार व रिश्तेदार भी इस समर्थन में शामिल हो गए। शनिवार को नाते रिश्तेदार की गोलबंदी के बाद दोनों पक्ष में भिड़ंत हो गई।
नगर डीएसपी रामनरेश पासवान ने बताया कि दोनों पक्षों के 16 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गांव में शांति व्यवस्था कायम करने के लिए पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है। गांव में स्थिति सामान्य है।