Move to Jagran APP

UP Election 2022:भाजपा सांसद का मुकेश सहनी से सवाल, यूपी में 165 मोटरसाइकिल किस फंड से बांटी?

UP Vidhan Sabha Election 2022 बिहार के मुजफ्फरपुर से भाजपा सांसद अजय निषाद ने वीआइपी सुप्रीमो मुकेश सहनी के 165 मोटरसाइकिल बांटने पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने इसका सोर्स जानना चाहा है। उन्होंने इसकी जांच की मांग रखी है।

By Ajit KumarEdited By: Published: Fri, 21 Jan 2022 08:32 AM (IST)Updated: Fri, 21 Jan 2022 08:32 AM (IST)
UP Election 2022:भाजपा सांसद का मुकेश सहनी से सवाल, यूपी में 165 मोटरसाइकिल किस फंड से बांटी?
UP Vidhan Sabha Election 2022: अजय निषाद मुकेश सहनी पर लगातार हमलावर हैं। फाइल फोटो

मुजफ्फरपुर,[अमरेंद्र तिवारी]। बिहार में एनडीए की सहयोगी पार्टी विकासशील इंसान पार्टी यानी वीआइपी के उत्तर प्रदेश चुनाव 2022 में भाजपा के खिलाफ मैदान में उतरने के बाद से मुजफ्फरपुर के भाजपा सांसद उनपर हमलावर हैं। सांसद अजय निषाद ने उनकी पार्टी की ओर से चुनाव से पहले 165 मोटरसाइकिल बांटने पर सवाल उठाया है। इसमें अनियमितता की आशंका प्रकट करते हुए जांच की मांग भी की है। 

loksabha election banner

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय पिछड़ा मोर्चा के उपाध्यक्ष सांसद अजय निषाद ने कहा कि मुकेश सहनी निषाद समाज का रास्ता रोकने के लिए यूपी चुनाव मैदान में कूदे हैं। जनता उनको सबक सिखा देगी। उन्होंने कहा कि मुकेश साहनी पशुपालन विभाग की जवाबदेही संभाल रहे हैं। उसी विभाग में रहते हुए लालू यादव ने क्या किया था यह दुनिया जान रही है। उसके बाद उनका क्या हुआ यह सब देख रहे‌ हैं। कुछ उसी रास्ते पर आज सहनी आगे जा रहे हैं।

सांसद अजय निषाद ने आरोप लगाया कि मुकेश सहनी निषाद समाज के हक की लड़ाई लड़ने की बात करते हैं, लेकिन उनका चरित्र इससे अलग है। बिहार के चुनाव में उन्हें 11 सीटें मिलीं, किंतु क्या किया उन्होंने? यदि वे उन सभी सीटों पर निषाद समाज के प्रत्याशियों को उतारते तो आज सरकार से आरक्षण की मांग मजबूती से करते। उत्तर प्रदेश में निषाद पार्टी के साथ भाजपा का समझौता हुआ है। उसको सम्मान मिला है। उनको इसका स्वागत करना चाहिए, लेकिन उल्टे वहां पर रोडा बनकर पहुंच गए हैं। सांसद ने कहा, निषाद पार्टी के अध्यक्ष डा संजय साहनी पुराने नेता हैं और इनसे पहले से समाज के बीच अपना काम कर रहे हैं। अब जब उत्तर प्रदेश चुनाव में उनका भारतीय जनता पार्टी के साथ गठबंधन हुआ है तो उनको हराने के लिए वहां पहुंच गए हैं। पूरा निषाद समाज इनकी गतिविधि को देख रहा है और आने वाले दिनों में इनकी क्या हालत होगी, कहा नहीं जा सकता है।

बोचहां विधानसभा सीट उपचुनाव के बारे में उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी चुनाव लड़ेगी। अब वीआइपी से कोई गठबंधन की बात ही नहीं है। उत्तर प्रदेश में जैसे ही चुनाव लड़े, गठबंधन टूट गया। इसलिए शीर्ष नेतृत्व को इसकी जानकारी दे दी गई है। भारतीय जनता पार्टी की ओर से तैयारी भी शुरू है।

पिछले दिनों जिला कमेटी ने भी इस फैसले पर अपनी सहमति जताते हुए शीर्ष नेतृत्व तक अपनी बात को पहुंचा दी है। जहां तक एमएलसी चुनाव में उनको दोबार मौका दिए जाने की बात है तो वह भी अब नहीं होने जा रहा है। केवल एकतरफा काम नहीं हो सकता है एक हाथ से ताली नहीं बजती है। भारतीय जनता पार्टी ने उन्हें सम्मान दिया और वे उसे ही आंख दिखा रहे हैं। सांसद ने दावा किया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की पूर्ण बहुमत से सरकार बनाने जा रही है। उत्तर प्रदेश में गुंडाराज की वापसी नहीं होने वाली है। इसलिए हर जाति और हर समाज के लोगों का व्यापक समर्थन भारतीय जनता पार्टी के साथ है। अब तो जन-जन में नारा गूंज रहा है जो राम को लाए हैं, हम उनको लाएंगे ।एक बार फिर से पूरे उत्तर प्रदेश में भगवा लहराएगा, भाजपा की सरकार बनेगी।  


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.