सरकारी एंबुलेंस की ठोकर से बाइक सवार दो युवक की मौत, आक्रोशितों ने किया सड़क जाम
दुर्घटना हसनपुर-रोसड़ा पथ में राजोपुर के निकट हुई एंबुलेंस चालक भाग निकलने में रहा सफल जाम से आवागमन हो गया ठप।
समस्तीपुर, जेएनएन। समस्तीपुर में सड़क दुर्घटना में बाइक सवार दो युवकों की मौत बुधवार को हो गई। इससे आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया जिससे आवागमन ठप हो गया। यह दुर्घटना हसनपुर-रोसड़ा पथ में राजोपुर के निकट हुई। इस दौरान सरकारी एंबुलेंस की ठोकर से बाइक सवार दो युवक की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद एंबुलेंस का चालक वाहन छोड़कर भाग निकला।
मृतक की पहचान हसनपुर थाना क्षेत्र के मरांची उजागर मल्हीपुर निवासी दिनेश यादव के पुत्र विकास कुमार यादव (18 वर्ष) तथा देवड़ा पंचायत के चंदरपुर निवासी राजेंद्र साह के 19 वर्षीय पुत्र विकास कुमार साह के रुप में हुई है। सूचना पर पहुंची बेगूसराय जिले के छौड़ाही पुलिस ने शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय भेज दिया है। विकास कुमार साह की बहन रोसड़ा में मैट्रिक परीक्षा दे रही थी।
उसकी बहन अपने अन्य सहेलियों के साथ बोलेरो से रोसड़ा चली गई। इसके बाद वह अपनी बाईक पर मित्र मरांची उजागर मल्हीपुर निवासी विकास कुमार यादव के साथ रोसड़ा जाने के लिए हसनपुर बाजार से निकला। छौड़ाही थाना क्षेत्र के राजोपुर स्थित तीखी मोड़ के समीप विपरीत दिशा से आ रही बीआर-01पीडी-0551 नंबर की एंबुलेंस ने सीधी टक्कर मार दी।
ठोकर इतनी जर्बदस्त थी कि बाइक पर सवार दोनों युवक हवा में उछल गए। घटनास्थल पर ही दोनों युवक की मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने विकास साह की जेब में रखे आधार से उसकी पहचान कर उसी के मोबाइल से परिजनों को सूचित किया गया। लोगों ने घटनास्थल के निकट सड़क जाम कर दिया। प्रखंड मुखिया संघ अध्यक्ष रामनारायण मंडल, पूर्व मुखिया शिवचंद्र यादव समेत स्थानीय लोगों के सहयोग से जाम समाप्त कराया।