कुली ने प्रेमी जोड़े को दिया ठौर, किशोरी के साथ दुराचार, प्रेमिका को ले भागा साढ़ू का बेटा
कुली और वृद्ध प्रेमी चढ़े पुलिस के हत्थे। किशोरी की बरामदगी और अन्य आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस कर रही छापेमारी। मधुबनी से दो मार्च को एक किशोरी गायब हो गई थी।
दरभंगा, जेएनएन। दरभंगा स्टेशन के कुली बोझ ही नहीं उठाते बल्कि, प्रेमी जोड़े को ठौर भी देते हैं। मौका मिलने पर दुराचार करते हैं और किशोरवय प्रेमिका को किसी दूसरे के साथ भगाने में मदद करते हैं। इस तरह का मामला प्रकाश में आने से लोग हैरत में हैं। कुली ने जिस प्रेमी को गच्चा दिया वह 60 साल का वृद्ध है और जिस प्रेमिका को लेकर उसके साढ़ू का बेटा फरार हुआ उसकी उम्र मात्र 15 साल है। वृद्ध प्रेमी को पुलिस ने जब गिरफ्तार किया तो पूछताछ में उसने पूरी सच्चाई बयां कर दी।
शुरुआत में पुलिस को उसकी बातों पर यकीन नहीं हुआ। पुलिस ने दरभंगा स्टेशन पर छापेमारी कर कुली को पकड़ लिया। पहले उसने पुलिस को बरगलाने की कोशिश की। लेकिन, सख्ती बरतने पर सच्चाई उगल दी। किशोरी के विषय में बताया कि उसे उसके साढ़ू का बेटा लेकर फरार हो गया है। अब पुलिस कुली के साढ़ू के बेटा को गिरफ्तार करने में जुटी है। बताते हैं कि मधुबनी जिले के बिस्फी थाना क्षेत्र से 2 मार्च को एक किशोरी गायब हो गई।
मामले में थाना क्षेत्र के नूरचक पंचायत के कोरियानी निवासी वृद्ध रामनाथ महतो को आरोपित बनाया गया। रामनाथ उक्त किशोरी को लेकर दरभंगा स्टेशन पहुंच गया। वह उसे लेकर जालंधर जाना चाहता था। दोनों की संदिग्ध गतिविधि को जाले निवासी कुली गणेश मंडल ने भांप लिया। मौका देखते ही डरा-धमकाकर पूरी जानकारी हासिल कर ली। उसने रामनाथ को सुरक्षित जालंधर भेज देने का आश्वासन दिया और ट्रेन के आने तक अपने डेरा पर रुकने को कहा।
रामनाथ महतो ने बात मान ली और स्टेशन स्थित कुली के डेरा पर अपनी प्रेमिका को लेकर चला गया। वहां पहले से कुली के साढ़ू का लड़का कमतौल निवासी मुकेश मंडल मौजूद था। दोनों ने कुछ देर तक बातचीत की। मुकेश रामनाथ को लस्सी पिलाने के बहाने बाहर ले गया। काफी देर तक उसे चाय और नाश्ता कराता रहा। इस बीच कुली गणेश मंडल दुराचार में कामयाब रहा। पूछताछ में उसने इसकी पुष्टि की। इधर, जब रामनाथ के साथ मुकेश वापस आया तो अपने मौसा गणेश से बोला कि किशोरी को वह अपने घर कमतौल ले जाएगा।
कुली गणेश प्रेमी रामनाथ को घुमाने के लिए बाहर ले गया। तब तक मुकेश किशोरी को लेकर फरार हो गया। जब रामनाथ वापस आया तो कुली गणेश बोला कि पुलिस तुम्हें खोज रही है। जल्द ट्रेन पकड़ो और फरार हो जाओ। डर से वह जालंधर जाने के लिए जननायक एक्सप्रेस में सवार हो गया। पुलिस उसे जालंधर से पकड़ कर लाई। पूछताछ में उसने पूरी कहानी बयां की। बिस्फी थाने के अनुसंधानक एसआइ नरूल खान ने बताया कि किशोरी की बरामदगी और मुकेश मंडल की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। बहुत जल्द सफलता मिलने वाली है।