सीतामढ़ी में अलग-अलग स्थानों पर युवक समेत दो लोगों की हत्या, हंगामा
बैरगनिया शहर के वार्ड तीन अशोगी गांव में देर रात अपराधियों ने किशोर सिंह के पुत्र रंजीत सिंह (38) की हत्या कर शव को उसके दरवाजे पर फेंक दिया। थानाध्यक्ष रणवीर कुमार झा ने पोस्टमार्टम के बाद शव शुक्रवार को स्वजनों को सौंप दिया।
सीतामढ़ी, जाटी। जिले के अलग -अलग स्थानों पर युवक समेत दो लोगों की हत्या कर दी गई। इसकी सूचना से सनसनी फैल गई। आक्रोशित लोगों ने जमकर हंगामा और पथराव भी किया। बाद में पुलिस ने शांत कराया। बैरगनिया शहर के वार्ड तीन अशोगी गांव में गुरुवार देर रात अपराधियों ने किशोर सिंह के पुत्र रंजीत सिंह (38) की हत्या कर शव को उसके दरवाजे पर फेंक दिया। थानाध्यक्ष रणवीर कुमार झा ने पोस्टमार्टम के बाद शव शुक्रवार को स्वजनों को सौंप दिया। इस बीच आक्रोशित ग्रामीण मुआवजा व अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए घंटों शव के साथ सड़क पर बैठे रहे। वहां पहुंचे सदर डीएसपी रामाकांत उपाध्याय ने छानबीन की। डॉग स्क्वायड की भी मदद ली गई।
युवक की पत्नी किरण देवी ने बताया कि पति गुरुवार की दोपहर 12 बजे घर से निकले। रात में नहीं लौटे तो तलाश की गई। कुछ पता नहीं चला। रात 12.00 बजे घर से बाहर निकली तो देखा कि पति का शव दरवाजे पर पड़ा था। नजदीक जाकर देखा तो गले में रस्सी के निशान, कुल्हाड़ी से पैर और बाजू पर प्रहार किए गए थे। देखने से लगा कि अन्यत्र हत्या कर शव को दरवाजे पर रख दिया गया। रंजीत राजमिस्त्री के साथ लेबर का काम करता था।
उधर, मेहसौल ओपी के औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक डेयरी में शुक्रवार को आम व्यवसायी नाजिर के पुत्र नासिर राईन (12) का शव मिला। सूचना के बाद परिवार सहित सैकड़ों लोग वहां पहुंचे। डेयरी मालिक पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे। डेयरी पर पथराव किया। वहां पहुंचे सर्किल इंस्पेक्टर देवेंद्र प्रसाद ङ्क्षसह और मेहसौल ओपी प्रभारी मोसिर अली ने मशक्कत के बाद शांत कराया। पुलिस ने किशोर के पिता का बयान दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा। साथ ही डेयरी मालिक चंचल कुमार ङ्क्षसह को हिरासत में लिया। वहां लगे सीसीकैमरे को भी खंगाला। किशोर के पिता ने कहा कि पुत्र गुरुवार की शाम घर से निकला था। डेयरी मालिक ने एक आम के लिए हत्या कर दी। इसके बाद शव को डेयरी में फेंक दिया। फंसने के भय से पुलिस को सूचना दी। मेहसौल ओपी प्रभारी ने कहा कि जांच जारी है।