बिहार में नहीं थम रही मौत की रफ्तार, मोतिहारी में दो महिलाओं को बोलेराे ने कुचल डाला
बिहार में नहीं थम रही है मौत की रफ्तार। एक बार फिर दो महिलाओं की मौत बिहार के मोतिहारी में हो गई। दोनों को तेज रफ्तार से जा रहे वाहन बोलेरो ने कुचल डाला।
मोतिहारी, जेएनएन। बिहार में नहीं थम रही है मौत की रफ्तार। एक बार फिर दो महिलाओं की मौत बिहार के मोतिहारी में हो गई। दोनों को तेज रफ्तार से जा रहे वाहन बोलेरो ने कुचल डाला। घटना सुगौली थाना क्षेत्र के रामपुर गांव में रविवार को हुई। बोलेरो की ठोकर से एक महिला की मौत मौके पर ही हो गई, जबकि दूसरी की मौत अस्पताल में हुई। बता दें कि 24 घंटा पहले ही मुजफ्फरपुर में दो वाहनों की जबर्दस्त भिड़ंत में 12 लोगों की जान चली गई थी, जबकि भागलपुर में भी चार लोगों की मौत उसी समय हो गई थी।
इधर, दाेनों महिलाओं को धक्का मारने वाले बोलेरो को प्रत्यक्षदर्शियों ने दौड़कर पकड़ लिया, मगर वाहन के चालक फरार होने में कामयाब रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बोलेरो को जब्त कर लिया है। साथ ही घटना के खिलाफ हंगामा कर रहे लोगों को फौरन समझाकर शांत करा दिया।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र की दक्षिणी श्रीपुर पंचायत के रामपुर में भटहां-रुलही मार्ग पर तीव्र गति से आ रही बोलेरो ने दो महिलाओं को रविवार को ठोकर मार दी, जिससे एक महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरी महिला को इलाज के लिए पीएचसी ले जाने के क्रम में मौत हो गई। मृतकों की पहचान श्रीपुर रामपुर निवासी बुनीलाल मांझी की पत्नी श्रीमुनि देवी व वीरेश सिंह की पत्नी सावित्री देवी के रूप में की गई है।
मौके पर मौजूद लोगों ने घटना को देख वहां दौड़कर पहुंचे और बोलेरो को घेर लिया। मुखिया इम्तियाज हक ने थानाध्यक्ष रोहित को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। उन्होंने लोगों को समझा-बुझा कर शांत कराया। इसके बाद मृत महिलाओं के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी भेज दिया। उन्होंने बताया घटना को लेकर पुलिस आवश्यक कार्रवाई कर रही है।