पश्चिम चंपारण में तेंदुए के हमले में दो घायल, गांव में अफरातफरी का माहौल Westchamparan News
वाल्मीकि टाइगर रिजर्व के धंगड़हिया गांव में घुस एक तेंदुए ने हमला कर दो ग्रामीणों को जख्मी कर दिया। उन्हें इलाज के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
पश्चिम चंपारण, जेएनएन। वाल्मीकि टाइगर रिजर्व के धंगड़हिया गांव में घुस एक तेंदुए ने हमला कर दो ग्रामीणों को जख्मी कर दिया। उन्हें इलाज के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। सूचना के बाद वन विभाग की टीम रेस्क्यू के लिए मौके पर पहुंच गई है। गांव में अफरातफरी का माहौल है।
बुधवार की अहले सुबह जब लोग अपनी नित्य क्रिया में लगे थे। उसी क्रम में जंगल से भटककर एक तेंदुआ बृजेश उरांव के घर में घुस गया। जब वे अपने कमरे से खाट निकालने गया तो उस खाट के नीचे बैठे तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया। बृजेश उरांव (36) ने सहायता के लिए आवाज लगाई तो मौके पर मुक्तिकिशोर उरांव (37) पहुंचे। लेकिन तेंदुए के हमले में वो भी घायल हो गए। इसके पहले तेंदुए ने एक बकरी का शिकार कर दिया। अभी भी वह घर में बैठा है। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू में जुटी है। पूर्व में तेंदुए के हमले में आधा दर्जन लोग घायल हो चुके हैं।