सकरा से दो हार्डकोर नक्सलियों को एसएसबी ने दबोचा
2012 में वारदात करने के बाद एक नक्सली भाग गया था दुबई। 2014 में एनएच के बेस कैंप को जलाकर किया था करोड़ों का नुकसान।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। एसएसबी ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से सकरा थाना क्षेत्र के भरवाड़ी गांव के पास से दो हार्डकोर नक्सलियों को दबोचा। गिरफ्तार दोनों नक्सली धर्मेंद्र राम पिता रामलाल राम व शत्रुघ्न राम पिता रामचंद्र राम दोनों निवासी सकरा थाना क्षेत्र के भरथीपुर गांव के हैं। इन पर 2012 में तुर्की में रेलवे के हो रहे दोहरीकरण कार्य के बेस कैंप को जलाने तथा 2014 में एनएच के बेस कैंप को जलाकर करोड़ों रुपये का नुकसान पहुंचाने का आरोप है। उक्त दोनों घटनाओं में डेढ़ दर्जन लोगों की संलिप्तता सामने आई थी।
घटना के बाद ये दोनों फरार हो गए थे। शत्रुघ्न राम दुबई (विदेश) भाग गया था। वहीं धर्मेंद्र कहीं दूसरे शहर में छिपकर रह रहा था। एक सप्ताह पहले दोनों घर आए थे। इसकी जानकारी एसएसबी 32वीं वाहिनी के कमांडेंट दीपक कुमार को मिली। उन्होंने एसएसबी पारू के ई-कंपनी कमांडर ऋतुराज को उन्हें पकडऩे का आदेश दिया।
कमांडर ने सकरा थानाध्यक्ष ललन कुमार सिंह के सहयोग से गुरुवार को दोनों नक्सलियों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों से एएसपी अभियान विमलेश चंद्र झा सहित खुफिया के कई अधिकारियों ने पूछताछ की है। एसएसबी के डिप्टी कमांडेंट अतुल जोशी ने बताया कि दोनों को जेल भेजा गया है।