पूर्वी चंपारण के मधुबन में बूढ़ी गंडक नदी में डूबने से दो बच्चियों की मौत East champaran News
आशा कुमारी अपनी मां मीणा देवी व चचेरी बहन शोभा कुमारी के साथ शनिवार की सुबह 10 बजे स्नान करने गई थी। इसी बीच दोनों गहरे पानी में चली गईं।
पूर्वी चंपारण,जेएनएन। जिला अंतर्गत मधुबन प्रखंड के इनवरा में शनिवार को बूढ़ी गंडक नदी में स्नान करने गईं दो बच्चियों की मौत डूबने से हो गई। मृतक थाना क्षेत्र के इनवरा निवासी सुरेश साह की 14 वर्षीया पुत्री आशा कुमारी व गोपाल साह की 7 वर्षीया पुत्री शोभा कुमारी बताई गई हैं।
आशा कुमारी अपनी मां मीणा देवी व चचेरी बहन शोभा कुमारी के साथ शनिवार की सुबह 10 बजे स्नान करने गई थी। इसी बीच दोनों गहरे पानी में चली गईं। इसके बाद आशा की मां रोते-चिल्लाते गांव पहुंची और सबको इसकी जानकारी दी। इसके बाद कई ग्रामीण दौड़े-दौड़े वहां पहुंचे। स्थानीय तैराक ने अपने स्तर से काफी प्रयास किया, लेकिन उन्हें कोई सफलता नहीं मिली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर पहुंची एनडीआरएफ की टीम शव की तलाश कर रही है। मृत बच्ची के पिता गोवा में मजदूरी करते हैं। सुरेश साह को दो पुत्र व चार पुत्री थी, वहीं गोपाल साह की इकलौती पुत्री थी। मौके पर सीओ राकेश रंजन, थानाध्यक्ष संतोष कुमार समर, मुखिया पति किशोरी सहनी व अन्य लोग मौजूद हैं। दोनों बहनों की एक साथ मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। मां का रो-रोकर बुरा हाल है।