मुजफ्फरपुर में चुनाव ड्यूटी से गायब 2 महिला सिपाही सस्पेंड, SSP ने लिया कड़ा एक्शन
मुजफ्फरपुर में बिहार विधान परिषद चुनाव-2026 की सुरक्षा ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर दो महिला सिपाहियों को निलंबित कर दिया गया है।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
एमआईटी कॉलेज वज्रगृह सुरक्षा से दो सिपाही गायब।
एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने किया निलंबित।
कर्तव्यहीनता और घोर लापरवाही का आरोप लगा।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। बिहार विधान परिषद चुनाव-2026 को लेकर बढ़ती सियासी सरगर्मी के बीच सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है।
एमआईटी कॉलेज स्थित वज्रगृह में मतपेटी सुरक्षा ड्यूटी से बिना किसी सूचना के गायब रहने पर एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने बड़ी कार्रवाई की है।
एसएसपी ने कर्तव्यहीनता और घोर लापरवाही के आरोप में दो महिला सिपाहियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
निलंबित की गईं महिला सिपाहियों में सिपाही संख्या-503 लिलम कुमारी और सिपाही संख्या-163 प्रीति कुमारी शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, पुलिस उपाधीक्षक (रक्षित), पुलिस केंद्र द्वारा एमआईटी कॉलेज स्थित वज्रगृह का औचक निरीक्षण किया गया था।
इस दौरान सुरक्षा गार्ड के रूप में तैनात दोनों महिला सिपाही बिना किसी अधिकृत अवकाश या पूर्वानुमति के अपने कर्तव्य स्थल से गायब मिलीं।
पुलिस उपाधीक्षक ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत इसकी रिपोर्ट वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को सौंपी।
ड्यूटी में लापरवाही पर सख्त रुख
डीएसपी की रिपोर्ट को आधार बनाते हुए एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने दोनों महिला सिपाहियों के निलंबन का आदेश जारी कर दिया।
एसएसपी ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि चुनाव जैसी अतिसंवेदनशील और महत्वपूर्ण ड्यूटी से बिना किसी सूचना के अनुपस्थित रहना वरीय पदाधिकारियों के आदेशों की खुली अवहेलना है।
यह कृत्य कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही और अनुशासनहीनता का गंभीर परिचायक है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।
गौरतलब है कि जिले में अनुशासनहीनता, मनमानेपन और ऑन-ड्यूटी लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों व पदाधिकारियों के खिलाफ वरीय पुलिस अधीक्षक द्वारा लगातार हंटर चलाया जा रहा है। इस कड़ी कार्रवाई से महकमे में हड़कंप मचा हुआ है।
यह भी पढ़ें- कब आएगी PM Kisan की 24वीं किस्त? दिवाली पर मुजफ्फरपुर के 3.7 लाख किसानों का खत्म हो सकता इंतजार
