मुजफ्फरपुर-समस्तीपुर से लेकर रक्सौल-दरभंगा तक ट्रेनों के रूट में बदलाव, 383 ट्रेनें प्रभावित
राजेंद्र पुल और अन्य रेलवे जंक्शनों पर प्री-एनआई/एनआई कार्य के चलते 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक मुजफ्फरपुर से गुजरने वाली 383 ट्रेनों के मार्ग बदले जाएंगे या रद होंगी।

यह तस्वीर जागरण आर्काइव से ली गई है।
HighLights
राजेंद्र पुल पर रेलवे कार्य से ट्रेनें प्रभावित होंगी।
19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक 383 ट्रेनें डायवर्ट/रद।
मुजफ्फरपुर के यात्रियों को संशोधित मार्ग जांचना होगा।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। राजेंद्र पुल, हाथीदह जंक्शन अपर, टाल, रामपुर डुमरा और दिनकर ग्राम सिमरिया में प्री-एनआई व एनआइ कार्य का असर मुजफ्फरपुर होकर गुजरने वाली लंबी दूरी की ट्रेनों पर भी पड़ेगा।
19 सितंबर से चार अक्टूबर तक अलग-अलग तिथियों में कई ट्रेनों के बदले मार्ग से चलाया जाएगा। डायवर्जन के दौरान अधिसूचना में चिन्हित स्टेशनों पर इन ट्रेनों का ठहराव नहीं होगा। इससे मुजफ्फरपुर के यात्रियों के सफर का गणित भी बदलेगा।
अधिसूचना के अनुसार 383 ट्रेनों के रुट डायवर्ट और रद की गई है। इनमें मुजफ्फरपुर से जुड़ी ट्रेनों के साथ दरभंगा, रक्सौल और अन्य स्टेशनों से होकर चलने वाली कई महत्वपूर्ण ट्रेनें शामिल हैं।
सूची में 15648 गुवाहाटी-लोकमान्य तिलक टर्मिनल, 15945 लोकमान्य तिलक टर्मिनल-डिब्रूगढ़, 15946 डिब्रूगढ़-लोकमान्य तिलक टर्मिनल, 12545 रक्सौल-लोकमान्य तिलक टर्मिनल और 17005 हैदराबाद-रक्सौल जैसी ट्रेनें शामिल हैं। 17007 चर्लापल्ली-दरभंगा और 17008 दरभंगा-चर्लापल्ली भी प्रभावित ट्रेनों की सूची में हैं।
डायवर्ट होकर चलने के दौरान जिस स्टेशन का ठहराव सिस्टम में हटाया गया है, वहां ट्रेन यात्रियों को चढ़ाने-उतारने के लिए नहीं रुकेगी। अलग-अलग तिथियों पर अलग-अलग ट्रेनों के ठहराव प्रभावित होंगे। इसलिए यात्रियों को टिकट बुकिंग के साथ यात्रा की तारीख के अनुसार ट्रेन का संशोधित परिचालन देखना होगा।
मुजफ्फरपुर रूट वाली ट्रेनों को भी वैकल्पिक रास्ता
रेलवे के अनुसार डायवर्जन के दौरान कुछ ट्रेनों को डीडीयू-गया-पटना, पटना-पाटलिपुत्र-हाजीपुर-सोनपुर-बछवाड़ा तथा समस्तीपुर-मुजफ्फरपुर-पाटलिपुत्र जैसे वैकल्पिक मार्गों से चलाया जाएगा।
समस्तीपुर-मुजफ्फरपुर-पाटलिपुत्र होकर चलने वाली ट्रेनों को पाटलिपुत्र में दो मिनट का अतिरिक्त ठहराव दिया जाएगा। वहीं पटना-पाटलिपुत्र-हाजीपुर-सोनपुर-बछवाड़ा मार्ग से डायवर्ट ट्रेनों को बछवाड़ा और पाटलिपुत्र में दो-दो मिनट का अतिरिक्त ठहराव मिलेगा।
19 सितंबर से चार अक्टूबर तक चलेगा बदलाव
रेलवे ने यह व्यवस्था 19 सितंबर से चार अक्टूबर तक प्रस्तावित एनआई अवधि के लिए जारी की है। अधिसूचना में ट्रेनवार तिथि, डायवर्ट रूट और छूटने वाले ठहराव अलग-अलग दिए गए हैं। ऐसे में मुजफ्फरपुर से लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए ट्रेन नंबर के साथ यात्रा की तारीख मिलाना जरूरी होगा।
