Top Muzaffarpur News of the day, 27 May 2020, मुजफ्फरपुर में अलका लांबा, सोनिया गांधी व प्रियंका गांधी के खिलाफ परिवाद, मधुबनी में क्वारंटाइन कैंप में प्रवासी की मौत
Top Muzaffarpur News of 27 May 2020। शाम चार बजे तक की मुजफ्फरपुर की टॉप 5 खबरें। ताजातरीन खबरों के लिए बने रहिए हमारे साथ।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। Top Muzaffarpur News of 27 May 2020। शाम चार बजे तक की मुजफ्फरपुर की टॉप 5 खबरें। ताजातरीन खबरों के लिए बने रहिए हमारे साथ।
मुजफ्फरपुर में अलका लांबा, सोनिया गांधी व प्रियंका गांधी के खिलाफ परिवाद
कांग्रेस नेत्री व पूर्व विधायक अलका लांबा, कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी और राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी के खिलाफ मुख्य न्यायिक दण्डाधिकारी (सीजेएम) मुकेश कुमार के कोर्ट में बुधवार को परिवाद दायर किया गया। यह परिवाद भाजपा के विधि प्रकोष्ठ के जिला संयोजक व अधिवक्ता अनिल सिंह ने दाखिल किया है। सीजेएम ने परिवाद को सुनवाई पर रखा है।
चेन्नई से घर नहीं पहुंच सका अधेड़, ट्रेन में ही तोड़ा दम
मधुबनी। चेन्नई से झंझारपुर घर के लिए रवाना हुए एक अधेड़ की मौत विशेष ट्रेन में ही हो गई। मंगलवार देर रात को ट्रेन पहुंची तो इसकी जानकारी स्थानीय व रेल प्रशासन के पदाधिकारियों को हुई। मगर, शव को ट्रेन के यहां पहुंचने के करीब आठ घंटे बाद उतारा गया। मृतक की पहचान झंझारपुर के नवानी निवासी सहदेव राम (53) के रूप में हुई है। कुछ ग्रामीणों के साथ चेन्नई से वह श्रमिक ट्रेन से रवाना हुए। उनके साथ चल रहे यात्रियों ने बताया कि उड़ीसा से जब ट्रेन गुजरती रही थी तो सहदेव की तबीयत बिगड़ गई। कै-दस्त होने के बाद सोमवार शाम चार बजे उसकी मौत ट्रेन में ही हो गई।
मधुबनी में क्वारंटाइन कैंप में प्रवासी की मौत
मधुबनी। हरलाखी प्रखंड के सुकवासी गांव में क्वारंटाइन कैंप में आवासित एक प्रवासी की मौत हो गई। उसकी पहचान सुकवासी गांव के ही केदार राय के पुत्र रामबालक राय (42) के रूप में हुई है। वह 21 मई को पुणे से आया था। गांव के ही बुनियादी विद्यालय में क्वारंटाइन था। उसकी तबीयत दो दिनों से खराब थी। स्थानीय ग्रामीण चिकित्सक को दिखाने के बाद तबीयत ठीक नहीं होने पर स्वजन उसे बासोपट्टी ले गए। यहां से उसे मधुबनी सदर अस्पताल रेफर कर दिया। मगर, वहां ले जाने के क्रम में रास्ते में ही उसकी मृत्यु हो गई। इसके बाद स्वजन शव को घर लेकर चले गए। बहरहाल, काेविड-19 जांच के लिए सैंपसल लेने की प्रक्रिया जारी थी।
सीतामढ़ी के रीगा में 6 नए कोरोना पॉजिटिव केस मिले
सीतामढ़ी : सीतामढ़ी जिले के रीगा प्रखंड में बुधवार को कोरोना पॉजिटिव का एकसाथ छह केस सामने आए हैं। ये सभी पूर्व में रीगा में मिले कोरोना पॉजिटिव के संपर्क में आने से संक्रमित हुए हैं। उन्हें रीगा के क्वारंटाइन सेंटर में रखा गया था। रीगा में 20 मई को पहला केस सामने आया था। उसके संपर्क में आने से ही ये सभी छह लोग भी संक्रमित हुए हैं जिससे लोगों में हड़कंप मचा है। इसके साथ ही इस जिले में कोरोना का यह 49वां मामला हो गया। डीएम अभिलाषा कुमारी शर्मा ने नए केस की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि जिले में आज छह और रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। अब जिले में कोरोना पॉजिटिव मरीजो की संख्या 49 हो गई है।
लीची की होम डिलीवरी पाने के लिए अभी और करना होगा इंतजार, इस वजह से हो रही देरी
मुजफ्फरपुर। Lychee home delivery : लीची की होम डिलीवरी के लिए लोगों का इंतजार और बढ़ गया है। लीची की खटास के कारण उद्यान विभाग ने होम डिलीवरी की मियाद बढ़ा दी है। अब फल के पूरी तरह पकने के बाद ही इसकी होम डिलीवरी की जाएगी। इसमें दो से तीन दिन लग सकता है।