Army recruitment: सोल्जर टेक्निकल में 296 अभ्यर्थियों ने मारी बाजी, आज तीन पदों के लिए होगी बहाली
सुबह सात बजे से तीन पदों पर भर्ती के लिए दौड़ शुरू हो गई। इसमें आठों जिले के अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं। तीन पदों के लिए 5409 अभ्यर्थियों ने कराया था ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। शुक्रवार की सुबह सात बजे से तीन पदों पर भर्ती के लिए दौड़ शुरू हो गई है। इसमें आठों जिले के अभ्यर्थी शामिल हुए हैं। तीन पदों के लिए 5409 अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराया था। संभावना जताई जा रही है 35 सौ से अधिक अभ्यर्थी बहाली में शामिल होने पहुंचेंगे। सोल्जर क्लर्क, सोल्जर नर्सिंग सहायक और स्टोरकीपर पद के लिए बहाली होनी है।
अब तक तीन राउंड पूरा हो गया है, जिसमें सात सौ से अधिक अभ्यर्थी दौड़ लगा चुके हैं। इसमें अब तक लगभग 65 अभ्यर्थियों ने दौड़ क्लियर किया है।
देर रात से पहुंचने लगे थे अभ्यर्थी
गुरूवार की रात नौ बजे से ही अभ्यर्थियों का जत्था चक्कर मैदान में पहुंचने लगा था। उन सभी को रेस्ट हाउस एरिया में बने पंडाल में ठहराया गया था। रात ढ़ाई बजे के बाद से सभी को मैदान में प्रवेश कराया गया। इसके बाद बैच नंबर दिया गया। इसी आधार पर सुबह लगभग सात बजे से दौड़ शुरू हुई।
सोल्जर टेक्निकल पद के लिए 296 अभ्यर्थियों में बाजी मारी
बता दें कि गुरुवार को सेना बहाली के दूसरे दिन सोल्जर टेक्निकल पद के लिए 296 अभ्यर्थियों में बाजी मारी। ये सभी दौड़, बिंब, जिगजैग और लांग जंप में सफल हुए। आठ जिलों मुजफ्फरपुर, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, दरभंगा, पश्चिम व पूर्वी चंपारण और समस्तीपुर के 4581 अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराया था। इसमें से 2928 दौड़ में शामिल होने पहुंचे। ढ़ाई-ढ़ाई सौ का बैच बनाकर इन्हें दौड़ प्रतियोगिता में शामिल कराया गया। इसमें से 296 अभ्यर्थी सफल हुए। अब इनका शैक्षणिक प्रमाण और मेडिकल जांच की प्रक्रिया चल रही है। इससे पूर्व दौड़ के दौरान दो अभ्यर्थी चोटिल हो गए। इनका मैदान में मौजूद चिकित्सकों ने इलाज किया। उक्त अभ्यर्थी रितेश कुमार और चंदन कुमार हैं। मैदान में दौडऩे के क्रम में गिरने के कारण एक के नाक से खून निकल रहा था। वहीं दूसरे के पैर में जख्म हो गया था। ये दोनों अभ्यर्थी दौड़ से बाहर हो गए थे। सेना भर्ती बोर्ड के निदेशक कर्नल मनमोहन सिंह मनहास ने बताया कि शांतिपूर्ण तरीके से दूसरे दिन बहाली प्रक्रिया संपन्न हुई। दौड़ में सफल अभ्यर्थियों का मेडिकल जांच 29 नवंबर को किया जाएगा।
डिजीटल मशीन से मापा जा रहा वजन
इस बार डिजीटल मशीन से अभ्यर्थियों का वजन मापा जा रहा है, जबकि पूर्व में तराजू पर चढ़ाकर वजन मापा जाता था। लेकिन, इस बार पूर्व की प्रक्रिया में बदलाव किया गया है।