तिरहुत MLC चुनाव में 28 उम्मीदवारों में किसका पलड़ा भारी, रुझान के लिए करना होगा थोड़ा इंतजार
मुजफ्फरपुर के एमआईटी में तिरहुत स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के 28 उम्मीदवारों के वोटों की गिनती सुबह 8 बजे से शुरू होगी। दोपहर तक रुझान आने की उम्मीद है।

मतगणना को लेकर बैठक करते प्रमंडलीय आयुक्त। पीआरडी
HighLights
मुजफ्फरपुर एमआईटी में सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू।
स्नातक, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के 28 उम्मीदवार मैदान में।
दोपहर तक रुझान, एकल संक्रमणीय मत प्रणाली से गिनती।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर । तिरहुत स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के 28 उम्मीदवारों की धड़कनें अब तेज होने वाली हैं। कुछ ही घंटों बाद मुजफ्फरपुर के एमआइटी में मतगणना शुरू होगी और मतपेटियों से उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला बाहर आने लगेगा।
सुबह आठ बजे से कड़ी सुरक्षा के बीच वोटों की गिनती होगी। सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के 17 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के 11 उम्मीदवारों में किसके पक्ष में मतदाताओं ने अधिक भरोसा जताया है।
एमआइटी में दोपहर बाद से रुझान आने शुरू हो जाएंगे। दोनों निर्वाचन क्षेत्र से 28 उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ा है। इनके भाग्य का फैसला मतपेटी से बाहर आएगा।
मतगणना की प्रक्रिया की जानकारी देने को लेकर सोमवार को निर्वाची पदाधिकारी सह प्रमंडलीय आयुक्त गिरिवर दयाल सिंह ने बैठक की। इसमें सभी उम्मीदवारों को मतगणना केंद्र में प्रवेश, मतगणना टेबल पर कर्मियों की नियुक्ति व उनका कार्य, आनुपातिक प्रतिनिधित्व पद्धति, एकल संक्रमणीय मत, मिश्रित पद्धति, कोटा निर्धारण, मतों का अंतरण, निर्धारित प्रोटोकाल, आचार संहिता एवं विधि-व्यवस्था सहित विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया।
एमआइटी में विधि व्यवस्था व सुरक्षा को लेकर मजिस्ट्रेट और सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है। बैठक में उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, तिरहुत प्रमंडल, सत्यप्रिय कुमार ने मतगणना के लिए आयोग द्वारा निर्धारित विभिन्न प्रविधानों व विषयों पर प्रकाश डाला।
मतगणना टेबल पर अपनायी जाने वाली प्रक्रिया, प्रारंभिक गणना, विस्तृत गणना, डाटा इंट्री की जानकारी दी। बताया गया कि मतगणना आनुपातिक प्रतिनिधित्व पद्धति के अनुसार एकल संक्रमणीय मत द्वारा होनी है।
निर्वाचन अभिकर्ता के साथ सुरक्षागार्ड भी नहीं जाएंगे
प्रमंडलीय आयुक्त ने कहा विधान परिषद निर्वाचन की मतगणना महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील कार्य है। मतगणना परिसर में अधिकृत व्यक्तियों को ही प्रवेश दिया जाएगा। अनधिकृत व्यक्तियों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। प्रवेश द्वार से गुजरने वाले प्रत्येक व्यक्ति की विधिवत भौतिक जांच दंडाधिकारियों द्वारा की जाएगी।
मतगणना हाल में प्रवेश के बाद अनावश्यक आवाजाही नहीं होगी। मतगणना केंद्र के अंदर किसी भी अभ्यर्थी या उनके निर्वाचन अभिकर्ता के साथ संबद्ध किसी भी सुरक्षा गार्ड को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
यह भी पढ़ें- दरभंगा MLC चुनाव: कल होगा 53 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला, सुबह 8 बजे से मतगणना होगी शुरू
