पूर्वी चंपारण में डूबने से तीन बच्चियों की मौत, एक को बचाने में चली गई तीनों की जान
Three girls died due to drowning in East Champaran पूर्वी चंपारण के फेनहारा थानाक्षेत्र के मधुबनी गांव की घटना। एक को बचाने में डूबती चली गई तीन बच्चियां गांव में पसरा मातमी सन्नाटा। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया।
मोतिहारी, जेएनएन। फेनहारा थानाक्षेत्र के मधुबनी गांव में सोमवार को तीन बच्चियों की डूबने से मौत हो गई। सभी बच्चियों के शव स्थानीय गोताखोरों की मदद से निकाल लिया गया। सूचना पर पहुंची स्थानीय थाने की पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय स्थित सदर अस्पताल भेजा है। मरनेवाली सभी तीनों लड़कियां अलग-अलग पिता की लाडली थी। घटना के बाद से पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है। वहीं मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
यह हुई पूरी घटना
प्राप्त जानकारी के अनुसार चार लड़कियां सरेह में घूमने के लिए गई थी। इसी दौरान दोपहर बाद शुरू हुई तेज वर्षा के कारण उससे बचने के लिए सभी भागने लगी। भागने के क्रम में सामने आए पानी भरे गडढ़े का अंदाजा इन लड़कियों को नहीं हो पाया। इसके कारण एक लड़की उस गड्ढे में डूबने लगी। उसे डूबते देख उसकी तीन अन्य सहेलियां भी उसे बचाने का प्रयास करने लगी। इसी कड़ी में अन्य लड़कियां भी अनियंत्रित होकर गड्ढे में गिर गई, जिससे डूबने के कारण इन तीन लड़कियों की डूबने से मौत हो गई।
वहीं एक लड़की कंचन कुमारी डूबने से बच गई। डूबने बाली लड़कियों में में चंचल कुमारी (11) पिता अजय कुमार, सविता कुमारी (16) पिता शंकर महतो और रानी कुमारी (17) पिता रामानन्द प्रसाद शामिल हैं। डूबने से मौत की खबर गांव में आग की तरह फैल गई। गांव वाले के सहयोग से तीनों लड़की शव पानी से निकाल लिया गया! घटना कि सूचना मिलते ही अंचलाधिकारी विजेंद्र कुमार सिंह व पुअनि हरेंद्र कुमार ने सैप बल के जवानों के साथ घटनास्थल पर पहुंच शव को अपने कब्जे में लिया।