पश्चिम चंपारण में बाढ़ के पानी में तीन डूबे, शव की तलाश में जुटी NDRF की टीम
Flood in West champaran पश्चिम चंपारण के सिकटामझौलियासाठी प्रखंड में बाढ़ में बालक समेत तीन लोग डूब गए हैं। शव खोजने के लिए एनडीआरएफ की टीम पहुंची है।
पश्चिम चंपारण, जेएनएन। जिले के अलग - अलग (सिकटा/मझौलिया/साठी) प्रखंडों में बाढ़ में बालक समेत तीन लोग डूब गए हैं। मंगलवार की शाम में सिकटा का शुक्लटोला निवासी गणेश पटेल (45) घोड़ासहन नहर के 28 लाखा पुल के सायफन से पैर फिसलने के कारण सिकटा नदी में डूब गया। शव खोजने के लिए एनडीआरएफ की टीम पहुंची है। वह घास काटने के लिए नहर पार कर रहा था। सीओ धर्मेन्द्र प्रसाद गुप्ता ने बताया कि शव की खोज की जा रही है।
वहीं नरकटियागंज प्रखंड के सेमरी पंचायत के नट टोली में बाढ़ का पानी घुस गया है। सभी लोग मुख्य सड़क पर शरण लिए हैं। घर से सामान निकालकर सड़क तक ले जाने के दौरान पैर फिसल जाने से राजा नट (12) पुल के नीचे गिर गया और बाढ़ में बह गया। सीओ सत्येन्द्र कुमार दत्त ने बताया डूबे किशोर की तलाश करने के लिए एनडीआरएफ की टीम पहुंची है।
उधर, मझौलिया प्रखंड क्षेत्र के बरवां गांव में बुधवार की सुबह में एक सात वर्षीय बालक मनीष कुमार की पानी मे डूबने से मौत हो गई। सरपंच प्रमोद महतो ने बताया बालक सुबह में शौच के लिए सरेह में गया था। पैर फिसलने से गड्ढे में गिर गया। ग्रामीणों के सहयोग से शव को निकाला गया । थानाध्यक्ष कृष्णमुरारी गुप्ता ने बताया कि लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।