Bihar Assembly Elections 2020 : यह तो शुरुआत, राजद के और बुरे दिन आने वाले, बोले जदयू कार्यकर्ता, फिर बनेगी हमारी सरकार
Bihar Assembly Elections 2020 राजद विधान पार्षद के जदयू में आने से सबने जताई प्रसन्नता। कहा राजद में परिवारवाद व जातिवाद की राजनीति हावी।
सीतामढ़ी, जेएनएन। Bihar Assembly Elections 2020 से पहले राजद को करारा झटका लगा है। राजद के पांच विधान पार्षद जदयू में शामिल हो गए हैं। राजद के दिलीप राय, राधा चरण सेठ, संजय प्रसाद, कमरे आलम और रणविजय सिंह के जदयू ज्वाइन कर लेने से सीतामढ़ी के जदयू नेताओं व कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर है।
राजद में विकास की बात बेमानी
इन नेताओं ने कहा कि राजद से त्यागपत्र देने से यह स्पष्ट होता है कि राजद परिवारवाद एवं जातिवाद की पार्टी बनकर रह गई है। राजद में विकास की बात करना रेगिस्तान में पानी खोजने जैसा है। राजद के शासनकाल के 15 साल आतंक में गुजरे। आगामी विधानसभा चुनाव में इन नेताओं के जदयू में आने से पार्टी को काफी मजबूती मिलेगी। जदयू पहले से भी अधिक सीटों पर रिकॉर्ड मतों से जीत कर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में सरकार बनाएगा।
राजोपट्टी में बैठक हुई जिसमें जिला युवा जदयू अध्यक्ष धनंजय कुमार, महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष रितु जायसवाल, मुखिया किरण गुप्ता, जिला कार्यकारिणी सदस्य प्रो. अमर सिंह, जिलाध्यक्ष किसान प्रकोष्ठ विजय पटेल, जिलाध्यक्ष सेवादल जदयू संजय सर्राफ, नगर अध्यक्ष अजय मंडल, प्रखंड अध्यक्ष डुमरा सह मुखिया महेश मंडल, बूथ अध्यक्ष राजोपट्टी पंचायत सुरेश यादव मौजूद थे।