Coronavirus : COVID-19 : कोरोना को हराने में इस तरह मदद कर रहा यह दवा विक्रेता
Coronavirus COVID-19 लोगों के बीच बांट रहे निशुल्क सैनिटाइजर चला रहे जागरूकता अभियान। 29 हजार से अधिक रुपये के बांट चुके मास्क सैनिटाइजर ग्लब्स व साबुन।
मुजफ्फरपुर,[जयप्रकाश सहनी]। कोरोना से जंग में कई लोग नि:स्वार्थ भाव से मदद के लिए आगे आए हैं। मददगारों में कुढऩी प्रखंड के थोक दवा विक्रेता मुन्ना कुमार का नाम भी जुड़ गया है। ये लोगों के बीच निशुल्क सैनिटाइजर, मास्क और ग्लव्स का वितरण कर रहे हैं। इस काम पर अपनी जेब से 29 हजार से अधिक खर्च कर चुके हैं। लोगों को फिजिकल डिस्टेंसिंग के पालन की सलाह भी देते हैं।
तीन हफ्ते से इस अभियान में जुटे
महुआ-मुजफ्फरपुर मार्ग स्थित महंत मनियारी चौक से बिना चेहरा ढंके गुजरनेवाले लोगों को मुन्ना निशुल्क मास्क उपलब्ध कराते। वहीं आसपास की बस्तियों में जाकर जरूरतमंदों के बीच मास्क, सैनिटाइजर, ग्लब्स और साबुन बांटते हैं। ये बीते तीन हफ्ते से वे इस अभियान में जुटे हैं। अबतक वे 25 सौ से अधिक मास्क का वितरण कर चुके हैं।
कोरोना से जंग में सहायक
आसपास की बस्तियों रामपुर काशी, सलेश स्थान व गिद्धिया टोला में दो सौ सैनिटाइजर, एक हजार ग्लब्स व साबुन बांट चुके हैं। ग्रामीण श्याम कुमार, रिक्की व पंकज का कहना है कि यह काम कोरोना से जंग में सहायक साबित होगा। मुन्ना कहते हैं कि पिता दिनेश राय की प्रेरणा से जरूरतमदों की मदद की योजना बनाई। महंत मनियारी पंचायत के मुखिया पवन कुमार राय ने इस पहल की सराहना करते हुए सहयोग की बात कही है।
लोग कर रहे स्वागत
कुढऩी के अंचलाधिकारी रंभू ठाकुर ने कहा कि कोरोना संक्रमण की इस विषम परिस्थिति में जरूरतमंदों की मदद करने की पहल अधिक से अधिक हो, इसकी जरूरत है। मुन्ना कुमार जैसे समाजसेवी अन्य समर्थ लोगों को राह दिखाते हैं। प्रशासन ऐसे लोगों के प्रयासों का स्वागत करता है।