महिला की चाकू से गोदकर हत्या, सामूहिक बलात्कार की आशंका, शव की पहचान नहीं
महिला का शव कांटी थाना क्षेत्र के पानापुर करियात ओपी के महम्मदपुर गांव में मिला, महिला की पहचान में जुटी पुलिस, उसकी उम्र करीब 36 वर्ष बताई जा रही है।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। जिले के कांटी थाना क्षेत्र में एक महिला की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई है। उसका शव अर्धनग्न अवस्था में पाया गया है। संभावना जताई जा रही है कि उसके साथ सामूहिक बलात्कार किया गया है और इसके बाद उसकी निर्ममता के साथ हत्या कर शव को फेंक दिया गया। उसका शव कांटी थाना क्षेत्र के पानापुर करियात ओपी के महम्मदपुर गांव में बंसवारी से मिला। जिस जगह पर उसका शव मिला है वह कांटी-पानापुर मुख्य मार्ग से करीब एक सौ मीटर की दूरी पर स्थित है।
महिला की पहचान नहीं हो सकी है। उसकी उम्र करीब 36 वर्ष बताई जा रही है। उसे चाकू से कई बार गोदा गया। स्थानीय लोगों ने शव देखने के बाद पुलिस को इसकी सूचना दी जहां संबंधित ओपी प्रभारी विनोद दास दल बल के साथ वहां पहुंचे और स्थिति का मुआयना किया। स्थानीय लोगों से महिला के बारे में जानकारी ली गई लेकिन किसी ने भी उसकी पहचान नहीं की।
पुलिस संभावना जता रही है कि उसकी हत्या कही और करके शव को इस इलाके में लाकर फेंक दिया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजवा दिया है। पुलिस शव की पहचान में जुटी हुई है। महिला की हत्या करने की सूचना गांव व इसके आसपास के इलाके में तेजी से फैल गई। इसके बाद शव को देखने के लिए घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुटने लगी।
ओपी प्रभारी ने बताया कि शव का पोस्टमाॅर्टम कराकर पहचान के लिए रखा जाएगा। फिलहाल उसकी पहचान नहीं की जा सकी है। पहचान के लिए प्रयास जारी है। साथ ही घटना को अंजाम देने वालों की तलाश में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।